Bihar Sharif News : नालंदा जिले के रहुई प्रखंड स्थित अंबेडकर नगर (देकपुरा) वार्ड संख्या 15 के लोगों को टूटी सड़क और जाम नाले की समस्या से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढों में नाले का गंदा पानी जमा रहने से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. लगातार बारिश के बाद हालात और अधिक खराब हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि घर से बाहर निकलते ही गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है. बच्चों को स्कूल जाने, बुजुर्गों को आवागमन करने और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कई राहगीर गड्ढों में गिरकर घायल भी हो चुके हैं.
दुर्गंध और मच्छरों से बीमारी फैलने का खतरा
ग्रामीणों के अनुसार जाम नाले और खुले में जमा गंदे पानी से लगातार दुर्गंध उठ रही है. इसके कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है. लोगों ने जल्द जलनिकासी की व्यवस्था करने की मांग की है.
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत और नाले की सफाई को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला. वर्षों से सड़क की मरम्मत और नाले की नियमित सफाई नहीं होने के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है.
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय निवासी चंदन कुमार, राधे बिंद, दीपक कुमार सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत, नाले की सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे. स्थानीय लोगों का कहना है कि बिहारशरीफ और आसपास के क्षेत्रों में जलजमाव और जाम नालों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. ऐसे में संबंधित विभाग को स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है.
Also Read : थरथरी में देवी स्थान और काली स्थान मंदिर में चोरी, दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी ले उड़े बदमाश
