बिहारशरीफ. जिले के श्रम अधीक्षक कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत वर्ष 2024 से अब तक 768 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें से 730 आवेदनों को स्वीकृति दी गई है, जबकि 31 आवेदन जांच के बाद अस्वीकृत किए गए और 7 आवेदन अभी लंबित हैं. बताया जाता है कि हर साल बड़ी संख्या में कामगार और शिल्पकार रोजगार के लिए जिले से बाहर जाते हैं, लेकिन जागरूकता और जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग इस योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं. ऐसे में प्रशासन से व्यापक प्रचार-प्रसार की जरूरत बताई गई है. इधर, राज्य सरकार ने योजना को और प्रभावी बनाते हुए 23 जनवरी 2024 से संशोधित प्रावधान लागू किए हैं. इसके तहत दुर्घटना में मृत्यु पर 2 लाख रुपये, सामान्य मृत्यु पर 50 हजार रुपये, पूर्ण स्थायी दिव्यांगता पर एक लाख रुपये और आंशिक दिव्यांगता पर 50 हजार रुपये सहायता दी जा रही है. यह राशि पहले की तुलना में काफी बढ़ाई गई है. बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा (संशोधन) योजना 2024 (23 जनवरी 2024 से प्रभावी) में 2021 की योजना की तुलना में स्वाभाविक और दुर्घटना मृत्यु सहायता राशि को लगभग दोगुना कर दिया गया है. मुख्य अंतर यह है कि स्वाभाविक मृत्यु पर सहायता 30,000 रुपये से बढ़ाकर 50,000 रुपये और दुर्घटना मृत्यु पर एक लाख से बढ़ाकर दो लाख रुपये की गई है. संशोधित योजना में दुर्घटना की परिभाषा को विस्तृत किया गया है, जबकि आत्महत्या या नशे की स्थिति में हुई घटनाओं को इसमें शामिल नहीं किया गया है. 18 से 65 वर्ष आयु वर्ग के असंगठित क्षेत्र के कामगार इसके पात्र हैं. इसके अलावा कामगारों के बच्चों को शिक्षा सहायता भी दी जा रही है. कक्षा 11-12 के लिए 2,500 रुपये, आईटीआई के लिए 5,000 रुपये और पॉलिटेक्निक के छात्रों को 10,000 रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति का प्रावधान है. वहीं दुर्घटना में अस्पताल में भर्ती होने पर 10 हजार रुपये और असाध्य बीमारी पर 15 हजार से 60 हजार रुपये तक की मदद दी जाएगी. सरकार ने भुगतान प्रक्रिया को भी सरल बनाते हुए सभी राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में एनईएफटी या आरटीजीएस के माध्यम से भेजने की व्यवस्था की है. साथ ही आवेदन की जांच और भुगतान के लिए समय सीमा तय कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. वर्षवार बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार समाजिक सुरक्षा योजना:- वर्ष- कुल प्राप्त आवेदन- स्वीकृत आवेदन-अस्वीकृति आवेदन 2024 वर्ष-322-305-17 2025 वर्ष- 297-291-06 2026 अप्रैल- 149-134-08 टोटल- 768-730-31 क्या कहते हैं अधिकारी:- बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना में संशोधन के बाद आवेदकों की संख्या में वृद्धि हुई है. ई-रिक्शा, ऑटो सहित असंगठित क्षेत्र के कामगार अब इसमें आवेदन कर सकते हैं. अधिक से अधिक लाभुकों को जोड़ने के लिए प्रखंड स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है. साथ ही समय-समय पर कार्यशालाओं के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं. इस अभियान में स्वयंसेवी संगठनों और अन्य संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाता है. -अश्विनी कुमार, श्रम अधीक्षक, नालंदा
730 कामगारों को मिला सामाजिक सुरक्षा का लाभ
जिले के श्रम अधीक्षक कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत वर्ष 2024 से अब तक 768 आवेदन प्राप्त हुए हैं.
