Bihar Weather : बिहार में पिछले 24 घंटों में आंधी-बारिश ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, रविवार को सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में कुदरत का कहर जारी रह सकता है. इन इलाकों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है. प्रशासन ने इन जिलों के लोगों को बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.
राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. इन इलाकों में धूप निकलेगी और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी. यानी जिन इलाकों में मौसम शांत रहेगा, वहां गर्मी फिर से दस्तक देने लगेगी.
24 घंटे में क्यों मचा हड़कंप?
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों के अनुसार, यह अचानक आया बदलाव पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर बने एक चक्रवात और 70 नॉट्स की रफ्तार से चल रही पछुआ जेट स्ट्रीम के कारण हुआ है. इसी सिस्टम ने पिछले 24 घंटों में तापमान को 14 डिग्री सेल्सियस तक गिरा दिया, जिससे मार्च के महीने में लोगों को फिर से कंबल निकालने पर मजबूर होना पड़ा.
इस बदले मौसम के कारण दिन के तापमान में 14 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई. फारबिसगंज, अररिया, मुजफ्फरपुर और पटना जैसे जिलों में पारा तेजी से गिरा, जिससे लोगों को फिर से ठंड का अहसास होने लगा.
आगे मौसम क्या संकेत दे रहा है?
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार यानी 23 मार्च से 25 मार्च तक पूरे बिहार में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. हालांकि, चैन की यह सांस लंबी नहीं होगी. 26 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे महीने के अंत में एक बार फिर तेज हवाएं और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है.
साफ हवा से लोगों को राहत
इस तबाही के बीच एक अच्छी खबर यह है कि बिहार की हवा अब पूरी तरह साफ हो गई है. बारिश की वजह से धूल के कण बैठ गए हैं और पटना का AQI गिरकर महज 44 पर आ गया है. भागलपुर और गया में तो यह आंकड़ा 25 से 30 के बीच पहुंच गया है, जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है.
Also Read: बिहार में आंधी-तूफान फिर मचाएगा कहर, मौसम विभाग ने इन दो दिनों के लिए जारी की चेतावनी
