Bihar Weather Alert: बिहार में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है. मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए राज्य में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. आज प्रदेश में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. हालांकि मंगलवार को कई जिलों में बारिश हो सकती है. वहीं, 24 सितंबर के आसपास भी मौसम में बदलाव के संकेत हैं.
अलर्ट नहीं था, फिर भी कई जिलों में हुई बारिश
मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी कोई चेतावनी जारी नहीं की थी. इसके बावजूद कई जिलों में मौसम अचानक बदला. पटना, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सुपौल और बांका में बारिश दर्ज की गई.
खगड़िया में दिनभर बादल छाए रहे. वहीं बांका के बाराहाट थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई. इस घटना में दो लोग घायल भी हुए.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 24 सितंबर के आसपास राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज और चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
डेहरी में सबसे ज्यादा 21.6 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में राज्य में बारिश की रफ्तार सुस्त रही. रोहतास के डेहरी में सबसे ज्यादा 21.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. पटना के भी अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई.
अन्य इलाकों में बारिश का आंकड़ा इस प्रकार रहा:
- वैशाली में 21.4 मिमी
- भभुआ में 18.6 मिमी
- मटियानी में 15.6 मिमी
- चकाई में 14.2 मिमी
- गया में 13 मिमी
- सिकटा में 12.6 मिमी
- गर्खा में 8.4 मिमी
- दुल्हिन बाजार में 8.2 मिमी
- कुरथा में 8 मिमी
- मनेर में 2.4 मिमी
- बिहटा में 2.2 मिमी
पटना में आज और कल बढ़ेगा तापमान
पटना में सोमवार सुबह बादल छाए हुए हैं. आज और मंगलवार को तापमान बढ़ने के आसार हैं. अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
23 सितंबर को भी अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रह सकता है. इसके बाद 24 सितंबर को मौसम बदल सकता है.
इस दिन आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे. बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. बारिश के कारण अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री तक आ सकता है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
सामान्य से 37 फीसदी कम हुई बारिश
बिहार में इस मानसून सीजन में बारिश की कमी लगातार बनी हुई है. राज्य में अब तक 586.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है. इस अवधि तक सामान्य बारिश 925.5 मिमी होनी चाहिए थी.
इस तरह राज्य में सामान्य से 37 फीसदी कम बारिश हुई है. कई जिलों में स्थिति और भी खराब है.
जहानाबाद में महज 2.4 मिमी बारिश हुई है. यहां सामान्य से 97 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई. भोजपुर में 0.2 मिमी बारिश हुई. यहां कमी 98 फीसदी रही.
रोहतास में 1.2 मिमी और अरवल में 1.3 मिमी बारिश हुई. इन जिलों में क्रमश: 72 और 63 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई.
सीतामढ़ी में 93 फीसदी, पटना में 90 फीसदी और पश्चिम चंपारण में 88 फीसदी कम बारिश हुई है. गया में 85 फीसदी, सारण और जमुई में 79 फीसदी तथा वैशाली में 67 फीसदी बारिश की कमी रही.
पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया और कटिहार समेत कई अन्य जिलों में भी बारिश की भारी कमी बनी हुई है.
बारिश कम हुई तो बढ़ी गर्मी और उमस
बारिश की कमी का असर तापमान पर भी दिख रहा है. रविवार को कैमूर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मोतिहारी में 36.5 डिग्री, दरभंगा में 35.3 डिग्री और पटना में 35.2 डिग्री तापमान रहा. भागलपुर में 34.6 डिग्री, वैशाली में 34.5 डिग्री और समस्तीपुर में 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
बारिश की कमी के बीच बढ़ते तापमान से कई इलाकों में गर्मी और उमस भी बढ़ गई है.
