Bihar Weather Update: बिहार में गुरुवार को मौसम का मिजाज मिला-जुला रहेगा. मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, बाकी 26 जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. इन इलाकों में आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है. ऐसे में लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं.
इन 12 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
कहां होगी बारिश, कहां चलेगी तेज हवा
पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण और गोपालगंज में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. इन जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम
बीते 24 घंटे के दौरान खगड़िया में बारिश दर्ज की गई. वहीं, पटना समेत कई जिलों में हल्की हवा चली. हालांकि दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई.
बिहार में अब तक 41% कम हुई बारिश
इस मानसून सीजन में बिहार में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है. आंकड़ों के अनुसार, इस समय तक राज्य में 485.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. लेकिन केवल 285.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. यानी अब तक सामान्य से 41 फीसदी कम बारिश हुई है.
आखिर कमजोर क्यों पड़ा मानसून?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, फिलहाल मानसून कमजोर बना हुआ है. इसकी मुख्य वजह मानसून ट्रफ लाइन का अपनी सामान्य स्थिति से हट जाना है. साथ ही बंगाल की खाड़ी में अभी कोई मजबूत कम दबाव का क्षेत्र विकसित नहीं हुआ है.
इसी कारण बिहार तक पर्याप्त नमी नहीं पहुंच रही है. जब तक खाड़ी में नया वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं होगा, तब तक राज्य में व्यापक और अच्छी बारिश की संभावना कम रहेगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
दिन में गर्मी, शाम को बारिश... ऐसा क्यों हो रहा है?
विशेषज्ञों का कहना है कि तेज धूप और उमस के कारण दिन में वातावरण काफी गर्म हो जाता है. गर्म हवा ऊपर उठकर नमी के संपर्क में आती है. इससे कुछ इलाकों में अचानक बादल बनते हैं और हल्की या मध्यम बारिश हो जाती है.
यही वजह है कि कई जगह दिनभर गर्मी रहती है, लेकिन शाम या रात में बारिश हो जाती है. कई बार एक जिले में बारिश होती है, जबकि आसपास के जिले पूरी तरह सूखे रह जाते हैं.
पटना का मौसम कैसा रहेगा?
पटना में गुरुवार को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. हालांकि तेज बारिश की संभावना नहीं है. धूप निकलने से उमस लोगों को परेशान कर सकती है. शाम के समय हल्के बादल छाने से मौसम में थोड़ी राहत महसूस हो सकती है.
