Bihar Weather Alert: बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. कभी तेज धूप तो कभी अचानक बादल और बारिश लोगों को हैरान कर रही है. IMD ने राज्य के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 19 मार्च तक बिहार के कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और बेमौसम बारिश देखने को मिल सकती है. 16 मार्च को स्थिति सबसे गंभीर हो सकती है, जब राज्य के सभी 38 जिलों में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश का अनुमान है.
भागलपुर में कोहरा, मौसम ने बदला रंग
बिहार में इन दिनों कुदरत के दो रंग देखने को मिल रहे हैं, जहां एक तरफ दिन के समय पारा 37 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा है, वहीं देर रात से ही भागलपुर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बिहार के वायुमंडल में नमी का प्रवाह बढ़ गया है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है.
शुक्रवार को एक तरफ कैमूर में भीषण गर्मी महसूस की गई, तो दूसरी तरफ अररिया के फारबिसगंज में तापमान गिरकर 28.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य के भीतर मौसम की इस बड़ी विसंगति को दर्शाता है.
उत्तर और पूर्वी बिहार में ज्यादा असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में ज्यादा बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना भी अधिक है. इसका असर किसानों पर पड़ सकता है, क्योंकि खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने का खतरा है. तेज हवा और आंधी के कारण बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है.
इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
15 मार्च को मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, सारण, दरभंगा, मधेपुरा, पूर्णिया, जमुई और भागलपुर समेत उत्तर बिहार के कई जिलों में मेघगर्जन और बारिश की संभावना है. हवा की गति 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है.
16 मार्च को मौसम का सबसे खतरनाक रूप देखने को मिल सकता है. इस दिन बिहार के सभी 38 जिलों में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश का अनुमान है, जहां हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
Also Read:किसानों के लिए खुशखबरी! पीएम मोदी ने जारी की पीएम किसान की 22वीं किस्त, ऐसे चेक करें स्टेटस
