Bihar Weather Alert: बिहार के कई जिलों में मौसम इन दिनों सुहावना बना हुआ है. सोमवार को भी सुबह-सुबह पटना के कई हिस्सों में बादल छाए हैं. इसके अलावा कुछ अन्य जिलों में भी ऐसा ही मौसम बना हुआ है. इस बीच मौसम विभाग की तरफ से 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में येलो अलर्ट किया गया जारी
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और किशनगंज में अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा, बारिश और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की भी संभावना जताई गई है.
11 से 15 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम पूर्वानुमान की माने तो, 15 अगस्त के बाद ही राज्य में मौसम सामान्य हो सकता है. 11 अगस्त को दक्षिण और मध्य बिहार के ज्यादातर जिलों में मौसम बिगड़ा रह सकता है. जबकि 12 अगस्त को भी लगभग आधे बिहार में चेतावनी जारी की गई है. खासकर मौसम उत्तर बिहार, सीमांचल के जिलों और दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में बिगड़ा रह सकता है.
इसके बाद 13 अगस्त को भी कुछ ऐसा ही मौसम बना सकता है. सिर्फ 6 जिलों पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, गोपालगंज, सीवान और सारण जिले को छोड़कर बाकी के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद 14 अगस्त को भी उत्तर बिहार, सीमांचल के जिलों और दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में अलर्ट है. जबकि 15 अगस्त को पूरे बिहार में चेतावनी जारी की गई है. इस दिन कुछ जिलों में भयंकर बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है.
पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई. जबकि कई जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही जारी रही. मुंगेर, गोपालगंज समेत कई जिलों में हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश हुई. लेकिन पटना और इसके आसपास के इलाकों में धूप की वजह से उमस झेलना पड़ा. बिहार का तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा.
बिहार में अभी भी 35 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विभाग की माने तो, राज्य में अभी भी सामान्य से कम ही बारिश हो पाई है. राज्य में 35 प्रतिशत कम बारिश हो पाई है. लेकिन अभी ही बिहार के कुछ जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति आ गई है. इसकी वजह नेपाल में हो रही झमाझम बारिश बताई जा रही है. नेपाल में हो रही बारिश की वजह से ही बिहार की कई नदियां उफन आईं हैं. इस वजह से नदी के आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति आ गई है.
Also Read: पटना हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस होंगे वी. कामेश्वर राव, जानिए कौन हैं और कैसा रहा उनका सफर
