Bihar Train News: बिहार में अब से कुछ ही दिनों में गर्मी की छुट्टियों की शुरुआत होने वाली है. इस बीच नरकटियागंज-रक्सौल रेलखंड पर पहली बार पैसेंजर ट्रेन का परिचालन किया जाएगा. जानकारी के मुताबिक, इस रेलखंड पर 16 मई से ट्रेन चलाई जाएगी. ट्रेन चलाने को लेकर समस्तीपुर रेल मंडल की तरफ से हरी झंडी दिखाई गई है.
समस्तीपुर रेल मंडल ने दी मंजूरी
समस्तीपुर रेल मंडल की तरफ से जारी लेटर के मुताबिक, यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए और यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं झेलनी पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया. यह पैसेंजर ट्रेन नरकटियागंज और सिकटा से होते हुए रक्सौल जंक्शन के बीच चलेगी. रेलवे की ओर से पैसेंजर ट्रेन को हर शनिवार और गुरुवार को चलाया जाएगा.
क्या होगा पैसेंजर ट्रेन का टाइम टेबल?
ट्रेन के शेड्यूल के बारे में बताया गया कि यह ट्रेन शाम 7.40 बजे नरकटियागंज से खुलेगी. इसके बाद सिकटा स्टेशन पर 8.03 बजे पहुंचेगी. इसके बाद सिकटा स्टेशन से यह ट्रेन रवाना होगी और 8.50 बजे रक्सौल पहुंच जाएगी. इस तरह से गाड़ी नंबर- 05543 रक्सौल से दोपहर 2.15 बजे खुलेगी. 2.38 बजे सिकटा स्टेशन पर रुकते हुए 3.35 बजे नरकटियागंज जंक्शन पहुंच जाएगी.
इन रेलखंड में आने वाले लोगों को मिलेगा फायदा
नरकटियागंज-रक्सौल रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेन के चलने से गोखुला, मरजदवा, सिकटा सहित इस रेलखंड में आने वाले स्टेशनों के यात्रियों को फायदा मिल सकेगा. जानकारी के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस रेलखंड पर अन्य गाड़ियों को भी चलाया जाएगा. गर्मी की छुट्टी के दौरान ट्रेनों में भीड़भाड़ की संख्या काफी ज्यादा बढ़ जाती है. ऐसे में रेलवे का यह फैसला बेहद खास माना जा रहा है.
Also Read: राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार कल्याण बिगहा पहुंचे नीतीश कुमार, बेटे निशांत भी रहे मौजूद
