Muzaffarpur: दो बहनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे, उंगलियां काटी, हड्डियां तोड़ीं और हत्या कर फेंका

Muzaffarpur Crime: मीनापुर में दो नाबालिग चचेरी बहनों की हत्या में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बर्बरता की बात सामने आई है. आशंका है कि दुष्कर्म का राज छुपाने के लिए दोनों की हत्या कर शव फेंके गए. पढे़ं पूरी खबर…

मीनापुर से संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Muzaffarpur Crime: मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मकसूदपुर में दो चचेरी नाबालिग बहनों की कथित हत्या के मामले में रोंगटे खड़े करने वाले तथ्य सामने आए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, अगवा करने की रात ही दोनों बच्चियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. मृतका के नाजुक अंगों में खून जमा मिला है, जबकि बाएं हाथ की तीन उंगलियां कटी हुई थीं. इसके अलावा जबड़ा निकला हुआ था और फेफड़े की चार हड्डियां टूटी पाई गईं. इस बर्बरता ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

दूसरे स्थान पर हत्या कर शव फेंकने का शक

यह सनसनीखेज मामला पुलिस के लिए एक अबूझ पहेली बन गया है. एनएच-22 और स्थानीय चिमनी पर लगे सीसीटीवी कैमरों से भी अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि घटना से एक दिन पहले शाम तक उस स्थान पर कुछ नहीं था, जहां अगले दिन सुबह दोनों के शव बरामद हुए. सुबह शवों से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों बहनों की हत्या कहीं और की गई और बाद में सबूत मिटाने के लिए शवों को यहां लाकर फेंक दिया गया.

दुष्कर्म का भांडा फूटने के डर से डबल मर्डर!

बड़ी बच्ची मौसमी कुमारी के गले पर जख्म के निशान हैं और सिर के बाल गायब थे. वहीं छोटी बच्ची रुचि के पेट पर धारदार हथियार के गहरे घाव मिले हैं. स्थानीय लोगों और परिजनों को अंदेशा है कि बड़ी बच्ची के साथ हुई हैवानियत का भांडा न फूटे, इसलिए छोटी बच्ची को भी मौत के घाट उतार दिया गया. शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया है. पुलिस फिलहाल एफएसएल (FSL) टीम की जांच और विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >