Bihar Train News: ‘बिहार में कई रेल मार्गों को डबल करने के अलावा तीसरी और चौथी लाइन का निर्माण हो रहा है. इसके साथ ही पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गयाजी और भागलपुर शहर की रेल क्षमता को डबल किया जा रहा है. इन परियोजनाओं के पूरे होने पर अगले पांच से आठ सालों में बिहार से 200 नई ट्रेनें चलाई जायेंगी’. यह ऐलान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया.
मेगा कोचिंग टर्मिनल का होगा निर्माण
इससे पहले रेल मंत्री पाटलिपुत्र जंक्शन से विशेष ट्रेन से छपरा के लिए रवाना हुए. वहां मीडिया से उन्होंने कहा कि पूरे पटना इलाके की रेल क्षमता बढ़ाई जाएगी. इसके लिए हार्डिंग पार्क में पांच प्लेटफॉर्म का एक नया स्टेशन बनाया जा रहा है. साथ ही फतुहा में मेगा कोचिंग टर्मिनल बनेगा, जिससे ट्रेनों के विस्तार और नई ट्रेनें चलाने में सुविधा होगी. बिहार में 1.15 लाख करोड़ के रेल प्रोजेक्ट चल रहे हैं.
आमी से बिदुपुर तक बनेगा मां अंबिका गंगा पथ
सीएम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आमी के मां अंबिका भवानी मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका विकास वर्ल्ड क्लास स्वरूप में किया जाएगा. आमी से बिदुपुर तक मां अंबिका गंगा पथ का निर्माण किया जाएगा, जो पटना के गंगा दक्षिणी छोर पर बने मरीन ड्राइव के तर्ज पर विकसित होगा.
बुलेट ट्रेन को लेकर किया ऐलान
शुक्रवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छपरा-आनंद विहार एक्सप्रेस, मऊ-दिल्ली नियमित एक्सप्रेस और दोहरीघाट-औड़िहार ट्रेन सेवा के वाराणसी तक विस्तार को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली से लखनऊ, वाराणसी, पटना, सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन नेटवर्क बनेगा. बुलेट ट्रेन के चलने से दिल्ली से पटना की दूरी 4 घंटे 41 मिनट में पूरी होगी.
Also Read: खान सर की गिरफ्तारी पर फिर लगी रोक, दोनों गार्ड्स रहेंगे ज्यूडिशियल कस्टडी में
