Bihar Tourism: गंगा पथ की डबल डेकर बस बनी सिटी टूरिज्म की पहचान, जानें नया टाइम-टेबल

Bihar Tourism: ऊपर खुले डेक से 360 डिग्री नजारा, एक ओर गंगा की लहरें और दूसरी ओर पटना की रौशन सड़कों का खूबसूरत नजारा. गंगा पथ पर चल रही डबल डेकर बस राजधानी वासियों और पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव बनती जा रही है.

Bihar Tourism: पटना के जेपी गंगा पथ पर संचालित डबल डेकर बस सेवा लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है. बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की इस अनूठी पहल ने न सिर्फ सिटी टूरिज्म को नई पहचान दी है, बल्कि राजस्व बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाई है.

अब तक 2245 से अधिक लोग इस बस के जरिए गंगा पथ की सैर कर चुके हैं, जिससे विभाग को 2 लाख 14 हजार 900 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है. सितंबर महीने में शुरू हुई यह सेवा पटना घूमने के अनुभव को एक नए स्तर पर ले गई है.

गंगा पथ की सैर बनी खास पहचान

डबल डेकर बस में सफर करने वाले यात्रियों को गंगा के किनारे बसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को एक साथ देखने का अवसर मिल रहा है. बस दीघा घाट से चलकर जेपी गंगा पथ गोलंबर, सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस, गांधी घाट, महात्मा गांधी सेतु, गाय घाट और कंगन घाट तक जाती है.

इस दौरान पर्यटक एक ओर गंगा की शांत लहरों का आनंद लेते हैं तो दूसरी ओर शहर की रौशनियों और ऐतिहासिक इमारतों का दीदार करते हैं. ऊपरी डेक से मिलने वाला 360 डिग्री का नजारा इस यात्रा को और भी रोमांचक बना देता है.

आधुनिक सुविधाओं से लैस है बस

इस डबल डेकर बस में कुल 40 सीटें हैं, जिनमें 20 सीटें नीचे वाले वातानुकूलित डेक पर और 20 सीटें ऊपरी खुले डेक पर हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए बस में टॉयलेट और रेफ्रिजरेटर की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही एक प्रशिक्षित गाइड भी मौजूद रहता है, जो रास्ते में पड़ने वाले दर्शनीय स्थलों की जानकारी देता है. यही कारण है कि यह सेवा सिर्फ सफर नहीं, बल्कि एक संपूर्ण पर्यटन अनुभव बन चुकी है.

किराया कम, अनुभव बेहद खास

डबल डेकर बस का किराया भी लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है. एक तरफ का टिकट मात्र 50 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है, जबकि दोनों तरफ का किराया 100 रुपये है. इतने कम शुल्क में सिटी टूर का अनुभव मिलना पर्यटकों के लिए बड़ी राहत है. यही वजह है कि स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटक भी बड़ी संख्या में इस सेवा का लाभ उठा रहे हैं.

ठंड में बदलेगा समय, सुबह से होगा सफर

फिलहाल यह बस शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक संचालित की जा रही है. लेकिन ठंड के मौसम को देखते हुए पर्यटन विभाग इसके समय में बदलाव की तैयारी कर रहा है. प्रस्ताव है कि ठंड के दौरान बस का परिचालन सुबह 10 बजे से शाम 8 बजे तक किया जाए, ताकि पर्यटक हल्की धूप में गंगा पथ की खूबसूरती का आनंद ले सकें.

सिटी टूरिज्म को मिल रही नई उड़ान

पर्यटन विभाग के अनुसार, डबल डेकर बस सेवा ने पटना के सिटी टूरिज्म को नई पहचान दी है. राजस्व में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और लोगों की रुचि भी तेजी से बढ़ रही है. गंगा पथ पर चलती यह बस अब सिर्फ एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि पटना की नई पहचान बनती जा रही है.

Also Read: Bihar News: पटना का हार्डिंग पार्क टर्मिनल बदलेगा शहर की तस्वीर, नए डिजाइन को हरी झंडी, अब फ्लाईओवर से सीधे स्टेशन में होगी एंट्री

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >