Bihar Bus Service: दशहरा, दिवाली और छठ जैसे महापर्व की शुरुआत होने वाली है. इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों से बिहार लौटते हैं. ऐसे में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बिहार और हरियाणा के बीच सीधी बस सेवा की शुरुआत करने का फैसला लिया गया है. अप्रवासी बिहारियों के लिए राज्य सरकार लगातार कई स्तर पर प्रयास कर रही है, ताकि उन्हें छठ या दिवाली के मौके पर घर आने में किसी तरह की असुविधा नहीं हो.
मंत्रियों के बीच हुई थी चर्चा
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने हाल में उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से खासतौर से मुलाकात की थी. हरियाणा से विशेष बसों के परिचालन के लिए रूट परमिट को लेकर चर्चा की गई. राज्य सरकार के इस विशेष प्रयास से बिहार और हरियाणा के रूट पर बस परिचालन की अनुमति मिल गई है. दोनों राज्यों के बीच जल्द बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की बसों का नियमित परिचालन शुरू होने जा रहा है.
निगम ने टेंडर की प्रक्रिया की पूरी
निगम ने इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली है और बसें खरीद ली गई हैं. विभाग के मुताबिक, परिवहन निगम अपने स्तर से 149 बसों की खरीद कर रहा है, जिनमें 75 एसी बसें शामिल हैं. योजना के मुताबिक, ये बसें बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और मधुबनी समेत अन्य प्रमुख शहरों से चलकर हरियाणा के अंबाला, गुरुग्राम और पानीपत जैसे बड़े शहरों तक जायेंगी.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली रह रहे लोगों का भी आना-जाना होगा आसान
बस के परिचालन से दिल्ली में रह रहे लोगों का भी बिहार आना-जाना आसान हो सकेगा. जानकारी के मुताबिक, बिहार और हरियाणा के बीच अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने को लेकर इस साल के जुलाई में ही एमओयू साइन किया गया था. बस के 12 प्रमुख रूटों से गुजरने की वजह से लंबी दूरी के यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी. साथ ही उन्हें नया ऑप्शन मिल सकेगा.
हर साल बड़ी संख्या में लौटते हैं प्रवासी
त्योहारों के दौरान हर साल बड़ी संख्या में लोग बिहार लौटते हैं. ट्रेनों की बात करें तो, अभी ही कई ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं. इसके साथ ही कई लोगों के टिकट वेटिंग में जा रहा है. जिन लोगों को टिकट मिलते भी हैं तो, सफर में काफी परेशानी झेलनी पड़ती है. ऐसी स्थिति में बस सेवा की शुरुआत होने से लोगों के पास दूसरा ऑप्शन होगा.
Also Read: क्या बख्तियारपुर का नाम बदलकर होगा 'नीतीशपुर'? बिहार सरकार के मंत्री ने की मांग, जानिए क्या कहा
