Bihar SVU Raid: छपरा के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर राजेंद्र कुमार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई यानी SVU ने आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया है. अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार के अनुसार, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है.
SVU की शुरुआती जांच में राजेंद्र कुमार के पास 3 करोड़ 1 लाख रुपये से ज्यादा की कथित गैरकानूनी संपत्ति मिलने की पुष्टि हुई है. जांच एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने 2008 में सरकारी सेवा में आने के बाद अवैध तरीके से संपत्ति जुटाई.
पटना से मुंबई तक एक साथ छापेमारी
अदालत से सर्च वारंट मिलने के बाद शुक्रवार को SVU की अलग-अलग टीमों ने राजेंद्र कुमार से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली.
पटना, छपरा और गोपालगंज में उनके ठिकानों पर कार्रवाई हुई. इसके अलावा मुंबई के गोरेगांव में उनकी बहन के फ्लैट की भी तलाशी ली गई.
परिवार के बैंक खातों के इस्तेमाल का आरोप
जांच में SVU को पता चला है कि अधिकारी ने कथित तौर पर अपनी संपत्ति और काले धन को छिपाने के लिए मां, बहन और बहनोई के बैंक खातों का इस्तेमाल किया.
जांच एजेंसी के अनुसार, इसी पैसे से पटना, बिक्रम, नवादा और मुंबई में कई अचल संपत्तियां खरीदी गईं.
पत्नी और मां के नाम पर भी कई संपत्तियां
तलाशी के दौरान राजेंद्र कुमार, उनकी पत्नी कंचन कुमारी और मां सुनैना देवी के नाम दर्ज कई प्लॉट और फ्लैट से जुड़े कागजात मिले हैं.
इनमें मुंबई के पनवेल में करीब 75 डिस्मिल जमीन भी शामिल है, जिसे करीब 1 करोड़ 61 लाख रुपये में खरीदा गया था.
इसके अलावा मुंबई के नेरूल में करीब 38 लाख रुपये के फ्लैट और नवादा में करोड़ों रुपये की जमीन से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं.
पटना के बेउर में दो मंजिला मकान और सोनपुर में करीब 18 लाख रुपये के प्लॉट के कागजात भी जांच के दौरान सामने आए हैं.
1.96 लाख कैश और 76 लाख के गहने बरामद
SVU की कार्रवाई के दौरान अधिकारी के ठिकानों से 1 लाख 96 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
इसके साथ ही करीब 76 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं. महंगी गाड़ियों और दूसरे कीमती सामानों की खरीद से जुड़े कई वाउचर भी टीम को मिले हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
आधा दर्जन से ज्यादा बैंक खातों की जानकारी
जांच टीम को भारतीय स्टेट बैंक समेत अलग-अलग बैंकों में अधिकारी और उनके परिवार के नाम से आधा दर्जन से ज्यादा बैंक खातों की जानकारी मिली है. इन खातों और उनसे जुड़े लेनदेन की भी जांच की जा रही है.
बेउर वाले घर में तलाशी जारी
पटना के बेउर स्थित महावीर कॉलोनी वाले आवास पर खबर लिखे जाने तक SVU की तलाशी जारी थी. जांच एजेंसी अधिकारी की संपत्ति, बैंक खातों और मिले दस्तावेजों को आपस में जोड़कर मामले की आगे जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: Watch Video: जिस अविनाश ने तेज प्रताप पर लगाया था आरोप, अब उसकी पिटाई का वीडियो वायरल
