Bihar STF: बिहार के चर्चित बालू कारोबारी देवराज कुमार उर्फ लालू यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस केस के मुख्य शूटर शिवम कुमार को एसटीएफ ने गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है. शिवम लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहा था.
वह कभी झारखंड तो कभी पश्चिम बंगाल में छिपकर रह रहा था. शिवम भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के चीहोस गांव का रहने वाला है और उसे कुख्यात अपराधी रंजीत चौधरी गैंग का शातिर शूटर माना जाता है. उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस बहुचर्चित हत्याकांड की गुत्थी पूरी तरह सुलझाने के और करीब पहुंच गई है.
2023 में कनपा पुल के पास हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
पालीगंज के चर्चित बालू कारोबारी देवराज कुमार उर्फ लालू यादव की हत्या 6 नवंबर 2023 को की गई थी. उस रात देवराज एक पार्टी से फॉर्च्यूनर गाड़ी से अपने घर लौट रहे थे. रानीतालाब थाना क्षेत्र के कनपा पुल के पास वह गाड़ी रोककर नीचे उतरे ही थे कि पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं.
उन्हें सिर और सीने में तीन गोलियां लगीं. हमला इतना अचानक था कि साथ मौजूद बॉडीगार्ड भी कुछ नहीं कर सका. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी काले रंग की स्कॉर्पियो से फरार हो गए. गंभीर हालत में देवराज को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
झारखंड-बंगाल भागता रहा, फिर भी एसटीएफ ने दबोच लिया
शिवम कुमार की गिरफ्तारी के लिए पहले जिला पुलिस लगातार छापेमारी करती रही, लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो स्पेशल टास्क फोर्स को लगाया गया. एसटीएफ ने तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की.
शिवम लगातार अपनी जगह बदलता रहा और पुलिस के पहुंचने से पहले निकल जाता था. कभी उसका लोकेशन बंगाल मिलता, कभी झारखंड तो कभी बिहार के अलग-अलग जिलों में. काफी समय तक फरार रहने के बाद उसे लगा कि पुलिस अब धीमी पड़ गई है, जिसके बाद वह गया इलाके में रहने लगा. इसी दौरान एसटीएफ ने उसे पकड़ लिया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पहले भी कई संगीन मामलों में रहा शामिल
शिवम कुमार को गोलीबारी और हत्या की घटनाओं में माहिर माना जाता है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ पटना और भोजपुर में कम से कम चार आपराधिक मामले दर्ज हैं. 2021 में उसने भोजपुर में कुख्यात अपराधी दीपू ठाकुर की बीच सड़क पर दौड़ाकर हत्या कर दी थी. पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर इस हत्याकांड और उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क के बारे में पूछताछ करेगी.
इसे भी पढ़ें: आनंद मोहन के आरोपों पर जदयू का पलटवार, पार्टी नेता बोले- नीतीश कुमार न होते तो जेल में ही रहते
