Bihar Road Projects: बिहार में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है. इसी क्रम में राज्य में बिहार स्टेट हाइवे फोर परियोजना में करीब 266.168 किमी लंबाई में सड़कों को और भी बेहतर बनाया जाएगा. इसके लिए लगभग 3743 करोड़ 65 लाख 50 हजार रुपये खर्च किए जायेंगे. सम्राट कैबिनेट की बैठक में पांच परियोजनाओं पर मुहर लगी. यह जानकारी मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने दी.
इन 5 सड़कों को किया जाएगा बेहतर
- मधुबनी-राजनगर-बाबूबरही-खुटौना पथ- इस सड़क की लंबाई 38.872 किलोमीटर है. इसे 632 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से चौड़ा किया जाएगा.
- एसएच-52 सीतामढ़ी-पुपरी-बेनीपट्टी पथ- इसकी लंबाई करीब 51.261 किलोमीटर है. इसे करीब 435 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बेहतर बनाया जाएगा.
- एसएच-97 विशनपुर-अतरबेल (एनएच-57) जाले घोघरचट्टी (एसएच-52) पथ- इस सड़क की लंबाई करीब 47.875 किलोमीटर है. इसे करीब 990 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बेहतर बनाया जाएगा.
- एसएच-92 गणपतगंज-परवाहा पथ- सड़क की लंबाई करीब 47.432 किलोमीटर है. इसे करीब 703 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से बेहतर बनाया जाएगा.
- ब्रहमपुर-कोरनसराय-इटाढ़ी-सरंजा-इटाढ़ी बक्सर और उजियारपुर-कुकराहा-जमुआंव-इंदौर-समदा पथ- इस सड़क की करीब 80.728 किलोमीटर है. इसे करीब 982 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से बेहतर बनाया जाएगा.
सिंचाई और बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं के लिए रुपये मंजूर
सड़क परियोजनाओं के अलावा अन्य जरूरी फैसले लिए गए. कोसी सिंचाई योजना और बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं के लिए 102.98 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. मधुबनी में नहरों का आधुनिकीकरण होगा और करीब 89 हजार हेक्टेयर खेतों को सिंचाई का फायदा मिलेगा. मधुबनी और सुपौल में बाढ़ से बचाव के लिए बांधों को भी मजबूत किया जाएगा.
Also Read: दिल्ली-हावड़ा के बीच चलेगी दो जोड़ी स्पेशल ट्रेन, बिहार में इन स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज
