बिहार के इन जिलों में हाईवे पर खर्च होंगे 239.33 करोड़, SH-25 के चौड़ीकरण को सरकार से मिली हरी झंडी

Bihar Road Project: भागलपुर से बांका और अमरपुर का सफर करने वालों के लिए राहत की खबर है. जर्जर स्टेट हाईवे-25 का 239.33 करोड़ रुपये से कायाकल्प होगा. अक्टूबर से 44 किमी लंबी सड़क को टू-लेन बनाने का काम शुरू होगा, जिससे बिहार-झारखंड के बीच यात्रा सुगम और सुरक्षित हो जाएगी.

Bihar Road Project: बिहार के भागलपुर से अमरपुर होते हुए बांका जाने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है. लंबे समय से खराब सड़क की वजह से होने वाली परेशानी अब खत्म होने वाली है. स्टेट हाईवे-25 का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का काम अक्टूबर महीने से शुरू किया जाएगा.

पथ निर्माण विभाग ने इस परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है. इस परियोजना पर कुल 239 करोड़ 33 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. करीब 44 किलोमीटर लंबी इस सड़क को पेव्ड शोल्डर के साथ आधुनिक टू-लेन सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा. यह काम प्रगति यात्रा योजना के तहत पथ प्रमंडल भागलपुर और बांका में कराया जाएगा.

सड़क किनारे बनेगा पेव्ड शोल्डर, हादसे होंगे कम

नई सड़क के दोनों किनारों पर पेव्ड शोल्डर बनाया जाएगा. इससे पैदल चलने वाले लोगों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी काफी कम होगी. साथ ही छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी.

परियोजना की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है. बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (BSRDCL) इस पूरे निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभालेगा. विभाग जल्द ही निर्माण एजेंसी के चयन के लिए निविदा जारी करेगा.

2028 तक पूरा करने का रखा गया लक्ष्य

पथ निर्माण विभाग ने इस सड़क परियोजना को 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है. सड़क तैयार होने के बाद भागलपुर और बांका के बीच सफर ज्यादा तेज, आरामदायक और सुरक्षित होगा. इससे यात्रा का समय भी कम होगा और भारी वाहनों की आवाजाही में भी आसानी होगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

बिहार और झारखंड को जोड़ने वाला रूट

भागलपुर-अमरपुर-बांका स्टेट हाईवे-25 बिहार और झारखंड को जोड़ने वाले प्रमुख रूट में शामिल है. यह सड़क भागलपुर, बांका और मुंगेर जिले के लोगों के लिए आर्थिक और यातायात की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. इस रास्ते से हर दिन हजारों लोग सफर करते हैं.

इस रूट पर गुड़हट्टा चौक, गोराडीह, तमौनी मोड़, सिमरिया, कजरैली, अंधरी, रतनगंज, कुल्हड़िया, डुमरामा, अमरपुर, इंग्लिश मोड़ और समुखिया जैसे प्रमुख बाजार और व्यापारिक केंद्र पड़ते हैं. सड़क चौड़ी होने के बाद इन इलाकों में जाम की समस्या कम होगी और स्थानीय कारोबार को भी बड़ा फायदा मिलेगा.

इसे भी पढ़ें: क्या पुलिस प्रदर्शनकारियों पर चला सकती है AK-47? समझिए पूरी कानूनी प्रक्रिया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >