Bihar Rain Alert: आज सावन की तीसरी सोमवारी है. ऐसे में बिहार के सभी 38 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने तेज बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. कुछ जिले में पूरे दिन बादलों की आवाजाही रह सकती है. इस तरह से मौसम विभाग ने आज डबल अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में IMD का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिले में येलो अलर्ट जारी किया है. जबकि बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गयाजी, नवादा, जमुई और बांका में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में ज्यादा रह सकता है प्रभाव
मौसम विभाग के पूर्वानुमान की माने तो, गयाजी, नवादा और जमुई जिले में मॉनसून का ज्यादा प्रभाव रह सकता है. जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहां के लोगों से खास तौर पर सावधानी बरतने की अपील की गई है. मौसम में बदलाव से पिछले कुछ दिनों से पड़ रही उमस वाली गर्मी से लोगों को राहत मिल सकेगी.
मौसम में बदलाव की वजह
मौसम में अचानक बदलाव को लेकर मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना है. इसके साथ ही इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण ऊंचाई तक फैला हुआ है. ऐसे में इसके उत्तर और पश्चिम की तरफ आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. ऐसी स्थिति में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकतीं हैं.
बिहार की अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
अगले कुछ दिनों तक मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान की माने तो, आगे कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. 18 अगस्त को भी पूरे बिहार में डबल अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिले में येलो अलर्ट जारी किया है. जबकि बाकी के जिलों में ऑरेंज अलर्ट है.
इसके बाद 19 अगस्त को पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कुछ हिस्सों जैसे कि बक्सर, गोपालगंज, सीवान, पश्चिम चंपारण समेत अन्य में मौसम ज्यादा बिगड़ा रह सकता है. इस तरह से आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना भी जताई जा रही है. लगातार बारिश के बाद लोगों को उमस से काफी हद तक राहत मिल सकेगी.
पटना में मौसम का हाल
पटना में मौसम की बात करें तो, रविवार को पूरे दिन धूप रहने की वजह से गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे. सोमवार की सुबह धूप-छांव का दौर जारी रहा. ऐसे में मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि जिले में बारिश हो सकती है. इस दौरान बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है. इस तरह से अगले कुछ दिनों तक राजधानी का मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है.
