Bihar Rain Alert: बिहार में इन दिनों कुछ जिलों में लोग उमस वाली गर्मी से परेशान हैं जबकि कुछ जिलों में हो रही झमाझम बारिश की वजह से राहत मिली हुई है. ऐसे में आज मौसम विभाग ने 25 जिलों में अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में अलर्ट किया गया जारी
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में चेतावनी जारी की है. बाकी के जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा.
अगले 72 घंटों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग की तरफ से अगले 72 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. 24 अगस्त को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जबकि सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा और समस्तीपुर जिले में येलो अलर्ट जारी किया है.
इसके बाद 25 अगस्त को उत्तर, उत्तर-पूर्व और सीमांचल के ज्यादातर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद 26 अगस्त को भी कुछ ऐसा ही मौसम बना रहेगा. इस तरह से मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है. बिगड़े मौसम के दौरान लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पटना में मौसम का हाल
पटना में मौसम की बात करें तो, उमस वाली गर्मी की वजह से लोग परेशान हैं. कई बार बादल छा रहे लेकिन बारिश नहीं होने की वजह से गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है. शनिवार को दिनभर कड़ी धूप रही. लेकिन रात-रात तक हल्की बूंदाबांदी हुई. इस बीच आज भी मौसम सामान्य ही बना रह सकता है. उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान करेगी.
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम?
मौसम विभाग की माने तो, पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में सबसे ज्यादा तापमान कैमूर जिले में 36.3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया. जबकि सबसे न्यूनतम तापमान पश्चिम चंपारण के वाल्मिकीनगर में 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कई जिलों में बारिश भी दर्ज की गई. समस्तीपुर, पश्चिमप चंपारण, गोपालगंज, बांका, पूर्णिया, भागलपुर, वैशाली, शेखपुरा समेत अन्य जिलों में बारिश हुई.
