Bihar Rain Alert: बिहार में मॉनसून की एंट्री के बावजूद चिलचिलाती धूप और उमस वाली गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है. इस बीच आज भी 24 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. इनमें से 10 जिलों में येलो अलर्ट और 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. बिगड़े मौसम के दौरान लोगों से सावधान रहने की भी अपील की जा रही है.
इन 24 जिलों में जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई शामिल है. जबकि जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, उनमें शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, वैशाली और समस्तीपुर शामिल है.
इस वजह से महसूस हो रही ज्यादा गर्मी
मौसम विभाग की माने तो, मॉनसून की शुरुआत हो चुकी है. कुछ जिलों में मॉनसून जैसी स्थिति देखी भी जा रही लेकिन कुछ जिलों में अभी इसके पहुंचने में वक्त लग रहा है. धीरे-धीरे मॉनसून सभी जिलों में एक्टिव होगा. जिस भी जिले में बारिश नहीं हो रही है, वहां तेज धूप और नमी बढ़ने की वजह से उमस जैसी स्थिति बनी हुई है. साथ ही लोगों को सामान्य दिनों से भी ज्यादा गर्मी झेलनी पड़ रही है.
अगले कुछ दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान की माने तो, अगले कुछ दिनों में राज्य के उत्तर और पूर्वी हिस्से में बारिश की संभावना ज्यादा बन रही है. इस दौरान बादल गरजने और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. जबकि दक्षिण और मध्य बिहार में तापमान चढ़ा हुआ ही रहेगा. इस तरह से अगले तीन से चार दिनों तक मौसम में कुछ खास बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.
