Bihar Politics: बिहार के गया में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला.
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जिस बिल को राहुल गांधी किसानों के लिए नुकसानदेह बता रहे हैं, वह असल में अधिकांश लोगों के हित में है और विपक्ष इसे गलत तरीके से प्रचारित कर रहा है.
‘उल्टी खोपड़ी’ वाली उपमा
गया शहर के एसएसपी कोठी के पास एक निजी अस्पताल का उद्घाटन करने पहुंचे जीतन राम मांझी मीडिया से मुखातिब थे. जब उनसे राहुल गांधी द्वारा किसान बिल की आलोचना पर सवाल पूछा गया, तो मांझी खुद को रोक नहीं पाए.
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कल रात जब वे इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे थे, तो उन्हें अहसास हुआ कि राहुल गांधी की खोपड़ी ही उल्टी है. मांझी के मुताबिक, राहुल गांधी उस सच को देख ही नहीं पा रहे हैं जो करोड़ों किसानों के भविष्य से जुड़ा है.
95 बनाम 5 का गणित- मांझी का तर्क
केंद्रीय मंत्री ने बिल का बचाव करते हुए एक दिलचस्प आंकड़ा पेश किया. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान बिल से देश के 95 प्रतिशत लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है. मांझी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि महज 5 प्रतिशत मामलों में लेन-देन या तकनीकी दिक्कतें हो सकती हैं, जिन्हें राहुल गांधी बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं.
उनका तर्क था कि अगर एक बड़े बहुमत (95%) का भला हो रहा हो, तो छोटे से हिस्से की कमियों को आधार बनाकर पूरे बिल को खारिज करना तर्कसंगत नहीं है.
विपक्ष पर भ्रम फैलाने का बड़ा आरोप
मांझी ने राहुल गांधी और समूचे विपक्ष पर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यह बिल किसानों और आम जनता के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, लेकिन कांग्रेस इसे नुकसानदेह बताकर राजनीति कर रही है.
मांझी का मानना है कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे जनहित की योजनाओं को भी विवादों के घेरे में खींच रहे है.
Also Read: बिहार की इन 5 नदियों पर बनाए जायेंगे बांध, 2148 करोड़ रुपए का मास्टरप्लान तैयार
