Bihar Pension Yojana: सीएम सम्राट चौधरी ने 'बिहार पेंशन दिवस' के तहत सोमवार को एक करोड़ से अधिक पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1100-1100 रुपये की राशि भेजी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक अणे मार्ग में आयोजित कार्यक्रम से डीबीटी के जरिए पेंशन की राशि ट्रांसफर की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए जो भी पात्र लोग अब तक योजना से छूटे हुए हैं, उन्हें भी जल्द योजना से जोड़ा जाए.
400 रुपये से सीधे 1100 रुपये हुई पेंशन
बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में बड़ा बदलाव किया गया है. पहले लाभुकों को हर महीने 400 रुपये मिलते थे. लेकिन अब सरकार ने इसे बढ़ाकर 1100 रुपये हर महीने कर दिया है. इसका लाभ 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को दिया जा रहा है.
खाते में पैसा आया या नहीं, ऐसे करें पता
पेंशन की राशि खाते में पहुंची है या नहीं, यह जानने के लिए लाभुक अपने बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर पर आया बैंक एसएमएस चेक कर सकते हैं. इसके अलावा बैंक ब्रांच, एटीएम या नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्र यानी CSP पर जाकर भी बैलेंस की जानकारी ली जा सकती है. डीबीटी से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन भी चेक की जा सकती है. साथ ही अगर खाते में राशि नहीं पहुंची है, तो सबसे पहले बैंक खाते और आधार लिंकिंग की स्थिति जरूर जांचें.
बिहार की अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पेंशन नहीं मिल रही तो अब क्या करें?
सरकार ने 60 साल या उससे अधिक उम्र के उन लोगों से आवेदन करने की अपील की है, जो पात्र होने के बावजूद अभी पेंशन योजना से नहीं जुड़े हैं. जबकि जिन लाभुकों की पेंशन आधार लिंक नहीं होने के कारण अटकी हुई है, उन्हें जल्द आधार सीडिंग कराने को कहा गया है.
सरकार ने हर महीने की 10 तारीख को पेंशन जारी करने की व्यवस्था की है. ऐसे में पात्र लाभुकों के लिए सबसे जरूरी संदेश यही है, अगर आप योजना के योग्य हैं और अभी तक पेंशन नहीं मिल रही, तो आवेदन और आधार लिंकिंग की प्रक्रिया जरूर पूरी करें.
इन्हें दी जा रही पेंशन की राशि
- मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना
- बिहार निःशक्तता पेंशन योजना
- लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना
