Bihar Panchayat Election 2026: बिहार में पंचायत चुनाव 2026 को लेकर गांव-गांव में राजनीतिक हलचल तेज हो चुकी है. मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य और दूसरे संभावित उम्मीदवार अभी से लोगों के बीच एक्टिव हो गए हैं. इसी बीच पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने साफ कर दिया है कि बिहार में पंचायत चुनाव इस साल तय समय पर ही होंगे.
मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर सरकार और निर्वाचन आयोग दोनों स्तर पर तैयारी शुरू हो चुकी है. चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
जनसंख्या प्रकाशन से शुरू हुई अहम प्रक्रिया
दीपक प्रकाश ने बताया कि फिलहाल राज्यभर में जनसंख्या प्रकाशन का काम चल रहा है. यह प्रक्रिया चुनाव की तैयारी का अहम हिस्सा है. जनसंख्या आंकड़े जारी होने के बाद लोगों को आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया जाएगा ताकि किसी तरह की गलती या विवाद को पहले ही ठीक किया जा सके.
उन्होंने कहा कि 9 जून को जनसंख्या का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा. इसके बाद आरक्षण रोस्टर पर काम शुरू होगा. यानी किस पंचायत की सीट सामान्य रहेगी, कौन सी आरक्षित होगी और किन सीटों का आरक्षण बदलेगा, इसकी तस्वीर इसके बाद साफ होगी.
आरक्षण रोस्टर बदलने से कई पंचायतों में बदल सकते हैं समीकरण
इस बार पंचायत चुनाव में आरक्षण व्यवस्था में बड़े बदलाव की संभावना मानी जा रही है. कई पंचायतों की सामान्य सीटें आरक्षित हो सकती हैं, जबकि कुछ आरक्षित सीटों की स्थिति बदल सकती है. इसका सीधा असर चुनावी समीकरण पर पड़ेगा.
यही वजह है कि संभावित उम्मीदवार जनसंख्या प्रकाशन और आरक्षण सूची पर खास नजर बनाए हुए हैं. कई जगहों पर चुनावी रणनीति इसी आधार पर तय होगी.
मंत्री ने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से मल्टीपोस्ट ईवीएम समेत बाकी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां भी की जा रही हैं. सरकार की कोशिश है कि पंचायत चुनाव पूरी तरह फ्री एंड फेयर हो, ताकि हर स्तर पर निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित किया जा सके.
पंचायती राज विभाग और निर्वाचन विभाग मिलकर इस दिशा में लगातार काम कर रहे हैं ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी न हो.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
अक्टूबर के आसपास हो सकते हैं चुनाव
अभी पंचायत चुनाव की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि अक्टूबर 2026 के आसपास चुनाव कराए जा सकते हैं. बिहार में 8 हजार से ज्यादा पंचायतों में चुनाव होना है, इसलिए यह राज्य की सबसे बड़ी स्थानीय लोकतांत्रिक प्रक्रिया में से एक होगी.
गांव की राजनीति में बढ़ी हलचल
पंचायत चुनाव की तैयारी की खबर के साथ ही गांवों में राजनीतिक माहौल गर्म होने लगा है. संभावित उम्मीदवार लोगों के बीच पहुंचना शुरू कर चुके हैं. आने वाले महीनों में जनसंख्या प्रकाशन, आरक्षण रोस्टर और चुनावी तारीख जैसे फैसले बिहार की पंचायत राजनीति की दिशा तय करेंगे.
इसे भी पढ़ें: बाहर SBI का बोर्ड, अंदर चल रही थी बाल-दाढ़ी कटाई, पटना का यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल
