Bihar News: त्योहारी सीजन में घर लौटने वाले बिहारियों के लिए राज्य सरकार की विशेष अंतरराज्यीय बस सेवा किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की इन चमचमाती एसी बसों ने पिछले 18 दिनों में सफलता की नई कहानी लिखी है.
23 फरवरी से अब तक 43 हजार से अधिक यात्रियों ने इन बसों के जरिए अपने गांव-जवार की दूरी तय की है. आलम यह है कि 93 प्रतिशत सीटें लगातार फुल चल रही हैं, जिससे रेलवे की वेटिंग लिस्ट से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है.
मुजफ्फरपुर-दिल्ली रूट बना किंग
बिहार से बाहर रहने वाले कामगारों और छात्रों के बीच सबसे ज्यादा क्रेज मुजफ्फरपुर से दिल्ली के रूट पर देखा गया है. परिवहन निगम के ताजा आंकड़ों के अनुसार, अकेले इस रूट पर 17,478 यात्रियों ने सफर किया है.
इसके अलावा दरभंगा से गुरुग्राम और गया से दिल्ली जाने वाली बसों में भी पैर रखने की जगह नहीं मिल रही है. पूर्णिया से अंबाला और पटना से दिल्ली जैसे लंबे रूटों पर भी हजारों की संख्या में लोग सुरक्षित और आरामदायक सफर का आनंद ले रहे हैं.
ऑनलाइन बुकिंग का ‘स्मार्ट’ सफर
प्रवासियों को अब बस स्टैंड पर धक्के खाने की जरूरत नहीं है. वे घर बैठे निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी पसंदीदा सीट बुक कर सकते हैं.
इन बसों में यूपीआई (UPI), डेबिट/क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के जरिए भुगतान की सुविधा दी गई है. एसी बसों का किफायती किराया और समय की पाबंदी ने निजी बस ऑपरेटरों की मनमानी पर भी लगाम लगा दी है, जिससे आम आदमी की जेब पर बोझ कम पड़ा है.
अभी भी है मौका
होली और ईद के मद्देनजर शुरू की गई यह विशेष सेवा 23 मार्च 2026 तक जारी रहेगी. परिवहन विभाग का लक्ष्य है कि त्योहार मनाकर वापस काम पर लौटने वाले लोगों को भी इसी तरह की सुगम सुविधा मिले. पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया जैसे प्रमुख केंद्रों से दिल्ली, हरियाणा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के लिए बसों का परिचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है.
अगर आप भी इस त्योहारी सीजन में यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए जल्द बुकिंग करना ही समझदारी होगी.
Also Read: पटना से उड़ान भरना हुआ महंगा, इंडिगो और अकासा ने बढ़ाया किराया
