बिहार में शराबबंदी के बीच सूखा नशा बना बड़ी चुनौती, शराब तस्करी के तरीके भी बदले

Bihar Liquor Ban: बिहार में शराबबंदी के बीच सूखे नशे को लेकर चिंता बढ़ रही है. गांजा, स्मैक, अफीम और हेरोइन जैसे नशीले पदार्थों पर सवाल उठ रहे हैं. इसी बीच शराब तस्करी के भी नए तरीके सामने आए हैं. समस्तीपुर में AC-1 कोच से 75 लीटर शराब मिली. मोतिहारी में भी फर्जी परिवार का तरीका सामने आया.

Bihar Liquor Ban: बिहार में शराबबंदी के बावजूद नशे से जुड़े मामले लगातार सामने आ रहे हैं. गांजा, स्मैक, अफीम, हेरोइन और दूसरे नशीले पदार्थों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक युवती खुद को इंजेक्शन देती दिख रही है. यह वीडियो पटना का बताया जा रहा है. इस वीडियो को लेकर बिहार में सूखे नशे की पहुंच और इसके इस्तेमाल पर सवाल उठाए जा रहे हैं. वीडियो में युवती किस पदार्थ का सेवन कर रही है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है. इस मामले पर पुलिस की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है और प्रभात खबर भी इसकी पुष्टि नहीं करता है.

शराब तस्करी में अब महिलाओं और युवतियों का इस्तेमाल

दूसरी ओर, शराब तस्करी करने वाले लोग पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं. हाल के मामलों में महिलाओं और युवतियों के जरिए शराब की खेप पहुंचाने के मामले सामने आए हैं. समस्तीपुर में 4 सितंबर को स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC-1 कोच से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. पुलिस ने इस मामले में नेहा झा और ईशान कुमार को गिरफ्तार किया. दोनों नई दिल्ली से जयनगर जा रहे थे. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किसे पहुंचाई जानी थी और इस मामले से कौन-कौन लोग जुड़े हैं.


दिल्ली से शराब लाने का आरोप, बहन पर भी दर्ज है मामला

पुलिस के मुताबिक, नेहा झा यह शराब अपने कथित परमानेंट कस्टमर तक पहुंचाने के लिए दिल्ली से ला रही थी. नेहा समस्तीपुर के सिंघिया थाना क्षेत्र के बारी गांव की रहने वाली बताई गई है. पुलिस जांच में उसकी बड़ी बहन निशु झा का नाम भी सामने आया है. पुलिस के अनुसार, निशु को दरभंगा पुलिस शराब तस्करी के मामले में दो बार गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों मामलों के बीच कोई संबंध है या नहीं. परिवार के कुछ लोगों के शराब तस्करी से जुड़े होने की बात भी सामने आई है,

मोतिहारी में पुलिस से बचने के लिए परिवार का दिखावा

मोतिहारी में भी शराब तस्करी का अलग तरीका सामने आया था. उत्पाद विभाग की टीम ने एक महिला को लग्जरी कार से शराब ले जाते हुए पकड़ा था. पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि पुलिस को शक न हो, इसलिए उसके साथ एक पुरुष और एक बच्चे को परिवार की तरह दिखाया गया था. महिला के अनुसार, पुरुष को 1500 रुपये रोज के हिसाब से किराये का पति और बच्चे को 500 रुपये में साथ लिया गया था. पुलिस ने बताया कि महिला उत्तर प्रदेश से शराब लेकर मुजफ्फरपुर जा रही थी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

सूखा नशा और शराब तस्करी प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती

समस्तीपुर और मोतिहारी के मामलों में शराब तस्करी के लिए पुलिस से बचने के अलग-अलग तरीके सामने आए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने शराब के अलावा दूसरे नशीले पदार्थों के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. ऐसे में शराबबंदी के बीच अवैध शराब की तस्करी के साथ दूसरे नशीले पदार्थों की बिक्री और इस्तेमाल पर नजर रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है.

इसे भी पढ़ें:  1000 दर्शक, 80 बेड और लाइव ब्रॉडकास्ट, 21.20 करोड़ से बिहार में बन रहा हाईटेक इंडोर स्टेडियम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 4 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >