बिहार में शुरू हुई हेली-एयर टूरिज्म सेवा, पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जाने पर मिलेगी सब्सिडी

Bihar Heli Tourism: सीएम सम्राट चौधरी ने 13 जुलाई को मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म सेवा योजना की शुरुआत की है. इसके लिए बुकिंग आज से शुरू हो गई है और 18 जुलाई से हर वीकेंड पर पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर व कैमूर के लिए हेलीकॉप्टर चलेंगे. इस पर 15422 रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी.

Bihar Heli Tourism: सीएम सम्राट चौधरी ने सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय के संवाद सभागार में मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 की शुरुआत की. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार अब सिर्फ इतिहास और आस्था का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि आधुनिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में भी तेजी से आगे बढ़ेगा. सरकार का लक्ष्य बिहार को पर्यटन के विश्व मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाना है.

18 जुलाई से शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा

सीएम ने बताया कि इस योजना के तहत 13 जुलाई से हेलीकॉप्टर सेवा की बुकिंग शुरू हो गई है. 18 जुलाई 2026 से हर शनिवार और रविवार को नियमित हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. इससे लोग आसानी से बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों की हवाई यात्रा कर सकेंगे.

पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए मिलेगी हेली सेवा

योजना के पहले चरण में पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गई है. सरकार इस सेवा पर प्रति टिकट अधिकतम 15422 रुपये तक का सब्सिडी दे रही है. इससे आम लोगों को भी किफायती दर पर हवाई पर्यटन का मौका मिलेगा.

सीएम ने कहा कि पर्यटन केवल घूमने का माध्यम नहीं, बल्कि रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास का मजबूत आधार है. सरकार होम स्टे, स्थानीय हस्तशिल्प, लोक संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दे रही है. इससे युवाओं और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार होंगे.


निजी निवेश को मिलेगा बढ़ावा

सीएम ने पर्यटन विभाग से एयर टूरिज्म का दायरा और बढ़ाने को कहा. साथ ही निजी कंपनियों और अन्य हितधारकों को भी इस योजना से जोड़ने का सुझाव दिया. सरकार पर्यटन क्षेत्र में पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत निजी निवेश को प्रोत्साहित करेगी.

सीएम ने कहा कि बिहार भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, विश्व प्रसिद्ध नालंदा विश्वविद्यालय और प्राचीन मगध साम्राज्य जैसी महान विरासत का केंद्र है. सरकार इन ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को देश और दुनिया में नई पहचान दिलाना चाहती है, ताकि ज्यादा से ज्यादा पर्यटक बिहार आएं.

इन पर्यटन स्थलों को दुनिया तक पहुंचाने की तैयारी

सीएम ने कहा कि राजगीर, बोधगया, लछुआर, वैशाली, वाल्मीकिनगर, भीमबांध जंगल, नालंदा विश्वविद्यालय, सोनपुर का बाबा हरिहरनाथ मंदिर और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर जैसे पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाई जाएगी. उन्होंने बताया कि पटना में दो बड़े होटल बनाए जा रहे हैं, जबकि जेपी गंगा पथ से सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक रोप-वे बनाने की भी योजना है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

बिहार की बेहतर सड़क और बुनियादी सुविधाओं का भी किया जिक्र

सीएम ने कहा कि देश के किसी भी राज्य में बिहार जैसी अच्छी ग्रामीण सड़कें नहीं हैं. राज्य के गांव सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े हैं. इन सुविधाओं का लाभ भी पर्यटन को मिलेगा और बाहर से आने वाले पर्यटकों का अनुभव बेहतर होगा.

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को आगे बढ़ाने में मदद करेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 राज्य में पर्यटन, रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास को नई गति देगी.

इसे भी पढ़ें: बिहार में चली तबादला एक्सप्रेस, 7 IAS समेत 45 BAS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर, देखिए नाम


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >