Bihar Rain Alert: बिहार में आज मौसम विभाग की ओर से डबल अलर्ट जारी किया गया है. आज भी पूरे राज्य में मौसम बिगड़े रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिले में येलो अलर्ट जारी किया है. जबकि बाकी के जिलों में ऑरेंज अलर्ट है.
इन जिलों में भयंकर बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग की माने तो, आज बिहार के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने आज जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, वहां के लोगों से ज्यादा सावधानी बरतने की अपील की है. कुछ जिलों जैसे कि बांका, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गयाजी और नवादा में भयंकर बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम बिगड़े रहने की वजह
बिहार में मौसम बिगड़ने को लेकर वैज्ञानिकों का मानना है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर लो प्रेशर बना हुआ है. इस कारण पूर्वी भारत के हिस्से में मॉनसून की गतिविधियां तेज हैं. साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं आ रहीं हैं, जिससे मॉनसूनी सिस्टम एक्टिव है. मॉनसून ट्रफ और नमी वाली हवाओं की वजह से बिहार में रुक-रुककर बारिश का दौर लगातार जारी रहेगा.
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान की माने तो, बिहार में अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. कहीं भयंकर बारिश तो कहीं हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी. जबकि कुछ जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है. इस दौरान बिजली गिरने की संभावना भी बनी रहेगी. 19 अगस्त को भी लगभग पूरे बिहार में अलर्ट जारी किया गया है. 20 अगस्त को भी बारिश की गतिविधियां राज्य में जारी रहेंगी.
बिहार की अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पिछले 24 घंटे में बिहार का मौसम
पिछले 24 घंटे में मौसम की बात करें तो, पटना समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई. पूर्णिया, किशनगंज, गयाजी, बेतिया, मधेपुरा, जमुई, खगड़िया, कटिहार समेत अन्य कई जिलों में मौसम बिगड़ा रहा. बारिश की वजह से लोगों को उमस वाली गर्मी से काफी राहत मिली. आगे तापमान में थोड़ी-बहुत गिरावट की संभावना है.
पटना में मौसम का हाल
पटना में मौसम की बात करें तो, आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. सुबह-सुबह कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही दिखी. तेज बारिश के साथ हवा चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. सोमवार को भी राजधानी में तेज बारिश हुई. इसकी वजह से कई इलाकों में पानी भर गया. लेकिन बारिश की वजह से पिछले कुछ दिनों से पड़ रही उमस से लोगों को राहत मिली.
