Bihar Rain Alert: बिहार में रविवार को मौसम विभाग ने डबल अलर्ट जारी किया है. कुछ जिलों में ऑरेंज तो कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस तरह से पूरे 26 जिलों में मौसम बिगड़े रहने की संभावना जताई गई है. इन जिलों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है.
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जबकि शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, पटना, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, जहानाबाद, गयाजी और नवादा जिले में येलो अलर्ट जारी किया है.
यहां हो सकती है भयंकर बारिश
मौसम विभाग की माने तो, बेगूसराय, जहानाबाद, गयाजी, नवादा, औरंगाबाद, रोहतास और नालंदा जिले में भयंकर बारिश हो सकती है. ज्यादातर उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों में मौसम बिगड़ा रह सकता है. जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उन जिलों के लोगों से ज्यादा सावधानी बरतने की अपील की गई है.
अगले कुछ दिनों तक मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान की माने तो, 2 सितंबर तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. रुक-रुककर जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. 31 अगस्त को लगभग पूरे बिहार में चेतावनी जारी की गई है. सिर्फ सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार जिले को छोड़कर बाकी के सभी जिलों में चेतावनी जारी की गई है.
इसके बाद 1 सितंबर को भी ठीक इसी तरह का मौसम जिलों में बना रह सकता है. बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में ऑरेंज अलर्ट है. इन जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके बाद 2 सितंबर को आधे बिहार में चेतावनी जारी की गई है. इस दिन खासकर दक्षिण बिहार के जिलों में मौसम बिगड़ा रह सकता है. तेज हवा और बिजली भी गिर सकती है.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पिछले 24 घंटे में मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्से में बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग की माने तो, गयाजी में 138.4 मिमी तक बारिश हुई. सीवान जिले में 118.2 मिमी, औरंगाबाद में 114.8 मिमी, नालंदा में 92.6 मिमी और किशनगंज में 76.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. इस तरह से सबसे ज्यादा गयाजी में शनिवार को बारिश हुई.
पटना में मौसम का हाल
पटना में मौसम की बात करें तो, शनिवार को कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई. जबकि कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही हुई. दोपहर तक पटना में घने बादल दिखे लेकिन बारिश नहीं होने की वजह से लोगों को उमस वाली गर्मी झेलनी पड़ रही है. आज जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है. सुबह-सुबह धूप खिली रही. लेकिन संभावना है कि दोपहर तक हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है.
Also Read: पटना के गांधीनगर लॉज में साइबर गिरोह का खुलासा, 122 ATM कार्ड और चेकबुक बरामद; बदमाश फरार
