Bihar Government Job Update: बिहार सरकार की तरफ से साल 2030 तक एक करोड़ नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया था. इसे पाने के लिए खास कदम उठाया गया है. राज्य के अलग-अलग विभागों में अगले एक साल में टोटल 1 लाख 72 हजार 218 पदों पर बहाली की जाएगी. सरकार ने नियुक्ति को लेकर अधियाचना BPSC, BSSC, BTSC समेत अलग-अलग आयोगों को भेज दी है. इसके बाद अब आगे की कार्रवाई की जाएगी.
साल 2026 के 31 मार्च तक इतनी हुई बहाली
बिहार में बहाली को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सात-निश्चय पार्ट-2 और पार्ट-3 के तहत इस साल के 31 मार्च तक 10 लाख 27 हजार 839 व्यक्तियों को रोजगार दिया जा चुका है. इनमें नियमित रूप से नियुक्त कर्मियों की संख्या 8 लाख 19 हजार 634 है. संविदा पर एक लाख 32 हजार 558 कर्मी नियोजित किए गए हैं. बाहरी स्रोतों से 75,647 कर्मी नियोजित किए गए हैं.
टीआरई-4 को लेकर भर्ती का ऐलान
जानकारी के मुताबिक, उनमें सबसे ज्यादा बहाली शिक्षा विभाग में होगी. कुछ दिन पहले ही सीएम सम्राट चौधरी ने टीआरई-4 के तहत 32,388 शिक्षकों की भर्ती का ऐलान किया था. उच्च माध्यमिक विद्यालयों (11वीं-12वीं) के लिए 22 विषयों में 16,101 पद स्वीकृत किए गए हैं.
इनमें सबसे अधिक रसायन विज्ञान (Chemistry) के 3,695 पद हैं. इसके बाद भौतिक विज्ञान (1,758), अंग्रेजी (1,321), वनस्पति विज्ञान (1,078) और मनोविज्ञान (1,030) के पद शामिल हैं. जबकि सबसे कम रिक्तियां उद्यमशीलता (58), लेखाशास्त्र (66), दर्शनशास्त्र (80) और व्यवसाय अध्ययन (133) में हैं.
माध्यमिक विद्यालयों (9वीं-10वीं) में कुल 3,877 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. क्लास 6 से 8 तक कुल 8,563 पदों पर भर्ती होगी. इनमें सबसे अधिक बहाली विज्ञान एवं गणित (2,188) और अंग्रेजी (1,929) विषय में हैं. क्लास 1 से 5 तक कुल 3,847 पदों पर बहाली होगी. सामान्य विषय – 3,065, उर्दू – 757 और बांग्ला – 25 पद रिक्त हैं.
इन विभागों में भी निकल सकती है भर्ती
इसके अलावा गृह विभाग में कांस्टेबल, टेक्निकल विंग समेत अन्य पद, भवन निर्माण एवं ग्रामीण विकास विभाग में जूनियर इंजीनियर और अन्य टेक्निकल पद, स्वास्थ्य विभाग में नर्स, टेक्नीशियन, डॉक्टर समेत अन्य पद, पंचायत सचिव, क्लर्क, राजस्व कर्मचारी समेत अन्य बहाली की जायेंगी. इस तरह से बिहार के अलग-अलग विभागों में युवाओं की नियुक्ति की जाएगी.
