Flood in Bihar : बाढ़ से घिर गयी 14 जिलों की 39.63 लाख आबादी, जानें कौन है सबसे प्रभावित जिला

Flood in Bihar : बिहार के 14 जिलों की 3963728 आबादी बाढ़ से प्रभावित है और इसमें से 316661 लोगों को अबतक सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया गया है.

पटना: बिहार के 14 जिलों की 3963728 आबादी बाढ़ से प्रभावित है और इसमें से 316661 लोगों को अबतक सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया गया है. आपदा प्रबंधन विभाग से बृहस्पतिवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश के 14 जिलों – सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चम्पारण, पश्चिम चंपारण, खगडिया, सारण, समस्तीपुर, सिवान एवं मधुबनी – के 108 प्रखंडों के 972 पंचायतों की 3963728 आबादी बाढ से प्रभावित है, जहां से निष्क्रमित कराए गए 316661 लोगों में से 25116 व्यक्ति 19 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं.

1001 सामूदायिक रसोई की व्यवस्था

बाढ के कारण विस्थापित लोगों को भोजन कराने के लिए 1001 सामूदायिक रसोई की व्यवस्था की गयी है जहां अबतक 578272 लोगों ने भोजन किया है. दरभंगा जिला में सबसे अधिक 14 प्रखंडों के 173 पंचायतों की 1351200 आबादी बाढ से प्रभावित हुई है. बिहार के बाढ प्रभावित इन जिलों में बचाव और राहत कार्य चलाए जाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 28 टीमों की तैनाती की गयी है. बिहार के इन जिलों में बाढ का कारण अधवारा समूह नदी, लखनदेई, रातो, मरहा, मनुसमारा, बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, गंडक, बूढ़ी गंडक, कदाने, नून, वाया, सिकरहना, लालबेकिया, तिलावे, धनौती, मसान, कोशी, गंगा, कमला बलान, करेह एवं धौंस नदी के जलस्तर का बढना है.

इन नदियों में बढ़ रहा है जलस्तर

जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बागमती नदी सीतामढी, मुजफ्फरपुर एवं दरभंगा में, बूढी गंडक नदी मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर एवं खगडिया में, कमला बलान नदी मधुबनी में, गंगा नदी भागलपुर में, अधवारा नदी सीतामढी में, खिरोई दरभंगा में और महानंदा नदी पूर्णिया में बृहस्पतिवार को खतरे के निशान से उपर बह रही है. विभाग के अनुसार पूर्वी चंपारण जिला के चकिया प्रखंड अंतर्गत बैरिया-करोल गांव के समीप बूढी गंडक के दायं तटबंध कि.मी. 16 से कि.मी. 18 के पीछे निर्मित रिटार्यड बांध के कि.मी. 0.9 पर अज्ञात ग्रामीणों द्वारा बांध को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. विभाग के अंतर्गत बाकी सभी बाढ सुरक्षात्मक बांध सुरक्षित हैं. उल्लेखनीय है कि बिहार में अबतक बाढ से दरभंगा जिले में सबसे अधिक सात लोगों तथा पश्चिम चंपारण में चार व्यक्ति की मौत हो चुकी है.

posted by ashish jha

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >