Bihar election news : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान को लेकर गतिविधियां अब जोर पकड़ने लगी हैं. भाजपा और जदयू के बाद अब राजद ने चुनावी प्रचार शुरु कर दिया है. कल बड़े भाई तेजप्रताप यादव के नामांकन के बाद तेजस्वी यादव ने भी आज राघोपुर से नामांकन दाखिल कर दिया. इस मौके पर तेज प्रताप मजूद रहे.
इससे पहले, मां राबड़ी देवी, बड़े भाई तेज प्रताप और पिता लालू प्रसाद की फोटो को प्रणाम कर तेजस्वी यादव नामांकन के लिए हाजीपुर रवाना हो गए हैं. उन्होंने ट्वीट किया-मैंने सौगंध ली है कि बिहार के हित में सदा कार्य करता रहूंगा. हर बिहारवासी को जब तक उनका हर अधिकार नहीं दिला देता, चैन से बैठने वाला नहीं हूं.
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए 10 लाख नौकरियों की बात दोहरायी. कहा कि अगर बिहार के लोग उनकी पार्टी को मौका देते है, तब सरकार बनने के बाद कैबिनेट की पहली बैठक में 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी पर मुहर लगेगी.
राजद के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से दी गई जानकारी के अनुसार आज तेजस्वी यादव 11 बजे पर्चा दाखिल करेंगे. इस मौके पर राजद के कद्दावर नेता अब्दुल बारी सिद्दकी और जगदानंद सिंह मौजूद रह सकते हैं.
‘तेजस्वी भवा’ के सहारे राजद– बता दें कि चुनावी प्रचार के लिए राजद ने इस बार तेजस्वी तय है का थीम दिया है. पार्टी ने चुनाव के लिए ‘बिहार तेजस्वी भव’ का नारा दिया है. ‘तेजस्वी भव: बिहार’ गाने में नीतीश सरकार की कार्यशैली पर कई सवाल उठाए गए हैं. सरकार को जनता को राहत देने में नाकाम बताया गया है.
नीतीश ने साधा निशाना– बिहार में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र की स्थिति खराब होने के विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री एवं जदयू नेता नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि 15 साल जब राज्य में विपक्षी दल की सरकार थी तब इन क्षेत्रों में कोई काम नहीं किया गया और अब इस बारे में बात की जा रही है. उन्होंने राजद की ओर परोक्ष संकेत करते हुए कहा, ‘‘गड़बड़ करने वाले को विकास कहां से दिखेगा? विकास सकारात्मक सोच वालों को ही दिखेगा.”
Posted by : Avinish Kumar Mishra
