कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच होगी चारों विस के वोटों की गिनती
बाजार समिति परिसर में आज कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच चारों विस के वोटों की गिनती होगी. इस दौरान समिति के बाहर सुरक्षा में पुलिस तैनात दिखे. परिसर को लेकर इंतजाम व्यवस्था पूरी दिखी. बेरिकेडिंग के समीप सुरक्षा में मुस्तैद जवान दिखे. मतगणना केंद्र का जायजा लेने डीएम व एसपी सहित अन्य अधिकारी पहुंचे.
बाजार समिति में आज होनेवाली विधानसभा चुनाव के चारों विधानसभा के वोटों की गिनती की सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है. कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच मतगणना होगी. लगातार मतगणना स्थल का जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार सहित अधिकारियों की टीम द्वारा दौरा कर जायजा लिया जा रहा है. इस दौरान मतगणना कार्य स्थल की तैयारी में लगी एजेंसियों को डीएम ने कई निर्देश दिये.
इस दौरान डीएम ने मीडिया सेंटर, विधानसभावार मतों की गिनती के लिए तैयार किये जा रहे मतगणना स्थल, मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और वाहन पार्किंग सहित सभी तैयारी कार्यों के एक-एक पहलू के संबंध में विस्तार से जायजा लिया. वहीं संबंधित कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये. वहीं, दूसरी ओर मतगणना स्थल की सुरक्षा को लेकर लगाये जाने वाले दंडाधिकारियों और मतगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों की एक संयुक्त ब्रीफिंग बाजार समिति स्थित सभा कक्ष में डीएम और एसपी को करनी थी. इसको लेकर अधिकारियों का जमावड़ा देर शाम तक मतगणना स्थल पर जुटे हुए थे. वहीं, दूसरी ओर मतगणना कार्य को लेकर जिलाधिकारी और एसपी का संयुक्त आदेश भी जारी किया गया है. ऐसे में विधानसभावार प्रत्येक टेबुल पर कितने कर्मी लगाये जाने हैं, इसकी भी संयुक्त आदेश निर्गत कर दिया गया है.
वहीं मतगणना स्थल के बाहर और अंदर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चप्पे- चप्पे पर लगाये जाने वाले दंडाधिकारियों के संबंध में भी अंतिम आदेश निर्गत हुआ है. मतगणना कार्य को लेकर विधानसभावार 14-14 टेबुल लगाये जायेंगे. प्रत्येक टेबुल पर पांच-पांच कर्मियों की नियुक्ति भी की जायेगी, जो मतों की गिनती का कार्य संपन्न करेंगे. वहीं मतगणना स्थल के अंदर और बाहर चप्पे- चप्पे पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी की तैनाती भी सुनिश्चित की जायेगी, जो जिला प्रशासन द्वारा निर्गत गेट पास की जांच के बाद लोगों को अंदर जाने की अनुमति दी जायेगी.
खगड़िया
खगड़िया विधानसभा सीट से पांचवीं बार विधायक का ताज पहनने के लिए फिर एक बार निवर्तमान विधायक पूनम देवी यादव जनता दल यू के तीर छाप से मैदान में डटी हुई हैं. यहां इनके सामने महागठबंधन से हाथ (कांग्रेस) के सहारे छत्रपति यादव मैदान में हैं. वहीं पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा भी लोजपा से मैदान में दमखम के साथ डटी हुई हैं.
परबत्ता
परबत्ता विधानसभा की बात करें तो यहां से पांच बार के विधायक व पूर्व मंत्री रहे आरएन सिंह के पुत्र डॉ संजीव कुमार पहली बार विधानसभा पहुंचने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं. परबत्ता से राजद ने दिगंबर चौरसिया को मैदान में उतारा है. परबत्ता जदयू का गढ़ माना जाता है.
अलौली
दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के गृह क्षेत्र अलौली विधानसभा सीट पर राजद ने निवर्तमान विधायक चंदन कुमार का टिकट काट कर रामवृक्ष सादा को मैदान में उतारा है. जदयू ने यहां पूर्व पार्टी जिलाध्यक्ष साधना देवी को उम्मीदवार बनाया है. यहां पर लोजपा से पूर्व विधायक रामचंद्र सादा मैदान में हैं.
बेलदौर
बेलदौर विधानसभा की बात करें, तो निवर्तमान विधायक पन्ना लाल सिंह पटेल पर जदयू ने एक बार फिर भरोसा करते हुए टिकट दिया है. वे चार बार से बेलदौर विधानसभा सीट से जीत का परचम लहरा चुके हैं. उनके सामने महागठबंधन से कांग्रेस उम्मीदवार डॉ चंदन यादव जीत के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं.