Bihar Election 2020: तीन चरणों में हो रहे बिहार विधानसभा चुनाव के दो चरण पूरे हो चुके हैं, इसके साथ ही अब सभी की निगाहें तीसरे चरण पर हैं. बिहार में जैसे जैसे तीसरे चरण के मतदान की तारीख नजदीक आ रही है वैसे वैसे नेताओं के विरोधियों पर हमला और भी बढ़ता जा रहा है, चाहें वह नीतीश कुमार हों, तेजस्वी यादव हों या फिर चिराग पासवान सभी एक दूसरे को जमकर निशाना साध रहे हैं. इसी कड़ी में लोजपा अध्यक्ष ने एक बार फिर सीएम नीतीश पर हमला बोला है.
लोजपा अध्यक्ष ने चिराग पासवान ने नीतीश कुमार को विकास के मुद्दे पर आड़े हाथ लिया. चिराग ने कदवा में आयोजित एक रैली में कहा कि नीतीश कुमार बिहार के विकास पर पीएम मोदी से झूठ बोलते हैं. वहीं एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि कहा कि नीतीश कुमार के पास अपना काम गिनाने के लिए कुछ भी नहीं है और वे पीएम मोदी की योजनाओं का श्रेय लेकर कुर्सी बचाने की कोशिश कर रहे हैं.
चिराग ने अपने ट्वीट में कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले 5 साल में जो सैंक्शन पद है उन्हें भी नहीं भरा.यही कारण है की ना शिक्षक है ना डॉक्टर है.जहां काम करने की ज़रूरत 10 लोगों की है वहाँ मौक़े पर मात्र 3 लोग है. लोजपा नेता ने नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि कोरोना व बाढ़ दोनो में विफल रहे हैं मुख्यमंत्री. बता दें कि तीन चरणों में हो रहे बिहार विधानसभा चुनाव के दो चरण पूरे हो चुके हैं. अब 76 सीटों पर 7 नवंबर को मतदान के साथ ही यह चरण भी पूरा होगा. इसके बाद 10 नवंबर को मतगणना के बाद चुनावी नतीजे जारी किए जाएंगे.
