Bihar DGP News: बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार 21 दिनों के अवकाश पर चले गए हैं. गृह विभाग ने मंगलवार, 15 सितंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है. उनकी गैरमौजूदगी में 1991 बैच की IPS अधिकारी प्रीता वर्मा को बिहार DGP का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
15 सितंबर से 5 अक्टूबर तक छुट्टी
गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार, विनय कुमार को अपरिहार्य निजी और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से छुट्टी मंजूर की गई है. उनका अवकाश 15 सितंबर 2026 से 5 अक्टूबर 2026 तक रहेगा.
इस दौरान पुलिस महानिदेशक के पद से जुड़े सभी प्रमुख दायित्व प्रीता वर्मा संभालेंगी. उनकी जिम्मेदारी DGP विनय कुमार के वापस लौटने तक प्रभावी रहेगी.
प्रीता वर्मा के पास रहेगा अतिरिक्त प्रभार
प्रीता वर्मा बिहार कैडर की 1991 बैच की वरिष्ठ IPS अधिकारी हैं. वह फिलहाल महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं के पद पर कार्यरत हैं.
अब उन्हें अपने मौजूदा पद के साथ बिहार पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. यानी DGP की अनुपस्थिति में पुलिस मुख्यालय से जुड़े अहम फैसलों और जिम्मेदारियों की निगरानी वही करेंगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना
गृह विभाग की आरक्षी शाखा की ओर से जारी आदेश में विनय कुमार को अखिल भारतीय सेवा (छुट्टी) नियमावली, 1955 के नियम 10, 11 और 20 के तहत 21 दिनों का उपार्जित अवकाश स्वीकृत किया गया है.
अधिसूचना में क्या कहा गया है?
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि उनके अवकाश की अवधि में बिहार के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार प्रीता वर्मा के पास रहेगा. DGP के वापस लौटने के बाद यह अतिरिक्त जिम्मेदारी समाप्त हो जाएगी.
