Bihar Crime News: (आशुतोष कुमार) बिहार के नवादा में एक बार फिर बेखौफ बालू माफियाओं ने पुलिस को खुली चुनौती दे डाली. ताजा मामला नारदीगंज थाना इलाके के मधुबन गांव से सामने आया है. अवैध बालू खनन की सूचना पर पहुंचे नारदीगंज थाना के एएसआई नागेंद्र कुमार को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया.
पुलिस टीम ने बताया क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने सड़क पर ट्रैक्टर रोकने का इशारा किया था. इसी दौरान चालक ने दुस्साहस दिखाते हुए जानबूझकर ट्रैक्टर मोड़ दिया और एएसआई को रौंदते हुए मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
जख्मी एएसआई को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है. जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है. अभी मेदांता अस्पताल में उनका इलाज जारी है.
पुलिस ट्रैक्टर चालक और बालू माफियाओं की तलाश में
.
घटना के बाद नवादा एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर जिलेभर में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी गई है. पुलिस हमलावर ट्रैक्टर चालक और बालू माफियाओं की तलाश में जुटी हुई है.
सबसे बड़ी बात यह है कि महज एक सप्ताह के भीतर नवादा में वर्दीधारियों पर हमला का यह चौथा मामला बताया जा रहा है. जिससे पुलिस महकमे में भारी आक्रोश है.
