Samrat Choudhary: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्णिया हवाई अड्डे के विकास को लेकर एक अपडेट साझा किया है. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार जताया.
सम्राट चौधरी ने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने पूर्णिया हवाई अड्डे के स्थायी सिविल एन्क्लेव के निर्माण के लिए लगभग 294.05 करोड़ रुपये की लागत से ईपीसी (EPC) टेंडर जारी कर दी है.
15 सितंबर 2025 को हुआ था अंतरिम सिविल एन्क्लेव का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने पिछले कामों का जिक्र करते हुए बताया कि 15 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया हवाई अड्डे के अंतरिम सिविल एन्क्लेव का उद्घाटन किया था. इस कदम से सीमांचल और उत्तर-पूर्वी बिहार के लाखों लोगों को सीधी हवाई सेवा की ऐतिहासिक सौगात मिली थी.
वर्तमान में पूर्णिया से रोजाना 10 उड़ानों का सफल संचालन हो रहा है. यह साबित करता है कि इस इलाके में हवाई यात्रा की मांग तेजी से बढ़ रही है.
अत्याधुनिक टर्मिनल और नई सुविधाओं का होगा निर्माण
लगभग 294.05 करोड़ रुपये की इस नई परियोजना के तहत पूर्णिया हवाई अड्डे पर अत्याधुनिक टर्मिनल भवन, उन्नत विमानपत्तन इन्फ्रास्ट्रक्चर और बाहर में विकास के काम कराए जाएंगे. स्थायी सिविल एन्क्लेव बन जाने से पूर्णिया और आसपास के जिलों में यात्रियों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मिलेंगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार
सीएम सम्राट चौधरी के अनुसार, इस स्थायी सिविल एन्क्लेव के बनने से सीमांचल क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. इससे एयर कनेक्टिविटी और ज्यादा मजबूत होगा. उन्होंने कहा कि केंद्र की भारत सरकार और बिहार सरकार के आपसी तालमेल व प्रयासों से विकसित बिहार के संकल्प को एक नई ऊर्जा मिल रही है.
