Bihar Cabinet Expansion: (कैफ अहमद) सम्राट कैबिनेट के मंत्री आज पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण करेंगे. इससे पहले मंत्रियों की लिस्ट आ गई है, जिसमें हाजीपुर की रमा निषाद को भी जगह दी गई है. राजनीति में हार के बाद कई लोग पीछे हट जाते हैं, लेकिन हाजीपुर की रमा निषाद ने संघर्ष और हिम्मत से यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हो तो मंजिल जरूर मिलती है.
बीजेपी की टिकट पर लड़ा था चुनाव
बिहार सरकार के नए मंत्रिमंडल विस्तार में राम निषाद मंत्री पद की शपथ लेंगी. इस खबर के सामने आते ही हाजीपुर सहित उनके समर्थकों के बीच खुशी देखी जा रही है. रमा निषाद पहले आरजेडी से चुनाव लड़ने की तैयारी में थीं, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर वह बीजेपी में शामिल हो गईं.
इसके बाद उन्हें औराई सीट से टिकट दिया गया, जहां से वह जीतकर विधायक बनीं. महिला और पिछड़े वर्ग के प्रतिनिधित्व के कारण उनकी दावेदारी मजबूत मानी जाती है.
वार्ड पार्षद का हार चुकीं हैं चुनाव
रमा निषाद मुजफ्फरपुर के पूर्व सांसद स्व. कैप्टन जय नारायण की बहू हैं और भाजपा के नेता व पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी हैं. रामा निषाद हाजीपुर नगर परिषद की सभापति भी रह चुकी हैं और उपसभापति पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुकीं हैं. नगर राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती रही है.
लेकिन राजनीति में उनका एक ऐसा दौर भी आया जब साल 2023 के वार्ड पार्षद चुनाव में अपने ही वार्ड से उन्हें हार का सामना करना पड़ा. खास बात यह रही कि जिस वार्ड में उनका आवास है, वहीं से वह चुनाव हार गई थीं. उस समय राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं हुईं, लेकिन रमा निषाद ने हार को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया.
इस तरह राजनीति में किया कमबैक
रमा निषाद ने लगातार जनता के बीच एक्टिव रहकर संगठन और समाज के लिए काम जारी रखा. महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक भागीदारी को लेकर उनकी सक्रियता लगातार बनी रही. यही कारण रहा कि भाजपा ने उन पर भरोसा जताया और औराई विधानसभा सीट से टिकट दिया, जहां से उन्होंने जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक वापसी का मजबूत संदेश दिया. अब बिहार सरकार में मंत्री बनने जा रहीं रमा निषाद की कहानी संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास की मिसाल बन गई है.
Also Read: सम्राट कैबिनेट में शामिल होने वाले मंत्रियों की आ गई लिस्ट, यहां देखिए
