Bihar Budget 2026: बिहार विधानसभा में बजट 2026 को लेकर सियासत तेज हो गई है. बजट पेश होते ही विपक्ष की आलोचना पर उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कड़ा ऐतराज जताया है. उन्होंने कहा कि आज का विपक्ष इतना “विद्वान” हो गया है कि बिना बजट समझे ही प्रतिक्रिया दे देता है, जबकि पहले बजट को समझने में दो दिन तक लगते थे.
‘बजट समझने में पहले लगता था वक्त, अब तुरंत बयान’
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार का बजट विस्तृत और तकनीकी होता है. इसे समझने के लिए समय चाहिए, लेकिन विपक्ष ने बजट पेश होते ही नकारात्मक प्रतिक्रिया दे दी. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष का यह रवैया बताता है कि उसने बजट को पढ़ने या समझने की कोशिश तक नहीं की.
उद्योग विभाग को लेकर विपक्ष के आरोप पर जवाब
विपक्ष द्वारा उद्योग विभाग को कम बजट मिलने के आरोप पर दिलीप जायसवाल ने स्पष्ट किया कि केवल एक विभाग को देखकर निष्कर्ष निकालना गलत है. उन्होंने कहा कि भले ही उद्योग विभाग को सीधे तौर पर कम राशि मिली हो, लेकिन उससे जुड़े सहायक विभागों को पर्याप्त बजट दिया गया है.
उनके मुताबिक कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और स्टार्टअप से जुड़े विभागों को मजबूत किया गया है, ताकि उद्योग को जमीनी स्तर पर लाभ मिल सके. स्किल ट्रेनिंग के जरिए उद्योगों के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार किया जाएगा, जिससे पूरे औद्योगिक इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी.
सपोर्टिंग डिपार्टमेंट मिलकर बनाएंगे नया औद्योगिक आयाम
मंत्री ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपने विभाग के सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ संदेश दिया है कि दिन-रात मेहनत करनी होगी. उन्होंने कहा कि जब तक विभागों के बीच बेहतर समन्वय नहीं होगा, तब तक नए स्टार्टअप और उद्योगों को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता.
उनका दावा है कि इस बजट के जरिए बिहार में उद्योग और स्टार्टअप को नया आयाम देने की ठोस नींव रखी गई है.
विपक्ष की बैठक पर भी दी प्रतिक्रिया
विपक्ष द्वारा सरकार को घेरने के लिए की गई बैठक पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह लोकतंत्र की सामान्य प्रक्रिया है. उन्होंने कहा कि सदन चलने से पहले पक्ष और विपक्ष दोनों ही रणनीति बनाते हैं, इसमें कोई नई बात नहीं है.
दिलीप जायसवाल के बयान के बाद साफ है कि बजट 2026 को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होगा. एक ओर सरकार इसे विकासोन्मुखी बजट बता रही है, वहीं विपक्ष इसे जनविरोधी करार दे रहा है. आने वाले दिनों में विधानसभा के भीतर इस बजट पर बहस देखने को मिल सकती है.
Also Read: सांसद पप्पू यादव समेत 3 के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश, जानिए क्या है पूरा मामला
