Bihar Breaking News Live: पटना में ट्रॉली बैग से अज्ञात युवक की लाश बरामद, इलाके में सनसनी

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को...

Live Updates
10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

महिला के गले से छीनी सोने की चेन

पटना. मुसल्लहपुर हाट की रहने वाली महिला सरिता देवी के गले से झपट्टा मार कर बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली. यह घटना सैदपुर किलकारी स्कूल के पास घटित हुई. वह अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने जा रही थी, इसी दौरान बदमाश बाइक से आये और झपट्टा मार कर सोने की चेन छीनते हुए भाग गये. इस संबंध में सरिता देवी ने कदमकुआं थाने में मामला दर्ज करा दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. हालांकि किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

मारपीट में महिला घायल

पलासी. थाना क्षेत्र के दिघली गांव में आपसी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में एक महिला घायल हो गये. घायल महिला बीवी सोमनी का इलाज पीएचसी पलासी में कराया गया है. इस बात की जानकारी प्रभारी डॉ जहांगीर आलम ने देते हुए बताया कि उक्त महिला खतरे से बाहर है.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

सड़क दुर्घटना में महिला सहित दो घायल

पलासी. सडक दुर्घटना में अलग-अलग गांव के एक महिला सहित दो व्यक्ति घायल हो गये. घायलों में दिघली गांव की शबाना व मोहनियां गांव के नाहसर शामिल हैं. दोनो घायलों का इलाज पीएचसी पलासी में कराया गया है. इस बात की जानकारी प्रभारी डॉ जहांगीर आलम ने देते हुए बताया कि उक्त दोनों घायल खतरे से बाहर हैं.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

एक वारंटी गिरफ्तार

चौथम. थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़िया गांव से एक वारंटी को गिरफ्तार करने में चौथम पुलिस ने सफलता पाई है. गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष सत्यव्रत सिंह ने बताया कि फरार वारंटी गढ़िया निवासी दसरथ तांती के पुत्र नित्यानंद तांती को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेज दिया गया.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

हत्या के प्रयास के मामले में दो गिरफ्तार

कोंच. सिंघड़ा मठिया गांव से हत्या का प्रयास के कांड में दो लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया है. थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि कांड संख्या 65/20 के अभियुक्त रमेश राम सिंघड़ा मठिया को गिरफ्तार किया गया. कांड संख्या 69/20 के अभियुक्त नागेंद्र कुमार बल के सहयोग से गिरफ्तार किया गया और सभी को जेल भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि तीन वर्ष पूर्व दो पक्ष में मारपीट हुई थी. उसी मामले में यह कार्रवाई की गयी है.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

घर में घुस कर की मारपीट व फायरिंग, आरोपित हुआ गिरफ्तार

गया. कोतवाली थाने की पुलिस ने गुरुद्वारा रोड के रहनेवाले हरमेंद्र सिंह बग्गा की विधवा तजिन्द्र कौर के घर में घुस कर मारपीट करने व फायरिंग करने के मामले के आरोपित सरब सिंह बग्गा के बेटे सरदार हरमीत सिंह बग्गा को गिरफ्तार कर लिया है. बुधवार को एसएसपी कार्यालय से जारी विज्ञप्ति से बताया गया है कि पीड़ित विधवा के बयान पर सोमवार को कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि सरदार हरमीत सिंह बग्गा व इनके अन्य सहयोगियों के द्वारा इनके घर में घुस कर गाली-गलौज किया और धमकी दिया कि मकान खाली कर दो. इसका विरोध करने पर वह रिवॉल्वर निकाल कर फायरिंग करने लगा. इस घटना का मुख्य कारण मकान का बंटवारा है. इसी मामले में पीड़ित विधवा तजिन्द्र कौर के बयान पर चार सितंबर को कोतवाली थाने में धारा 341, 323, 504, 506 व आर्म्स एक्ट के तहत सरदार सरब सिंह बग्गा के बेटे सरदार हरमीत सिंह बग्गा, सरदार हवेली सिंह बग्गा के बेटे सरदार सरब सिंह बग्गा, सरदार सरब सिंह बग्गा की पत्नी तजिंद्र कौर उर्फ पिंकी के विरुद्ध नामजद व दो अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

ठनका गिरने से एक की मौत दूसरी बहन की हालत नाजुक

मांझी. बुधवार की शाम थाना क्षेत्र के महम्मदपुर पंचायत स्थित श्रीरामपुर गांव में बकरी चराने चंवर में गयी दो सगी बहनें ठनका की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गयी. बाद में एकमा सीएचसी में इलाज के दौरान बड़ी बहन शम्मा प्रवीण (15 वर्ष) ने दम तोड़ दिया. छोटी बहन अफरीन खातून की नाजुक हालत बनी हुई थी. दोनों किशोरी नसीम अंसारी की पुत्री है. घटना में मौके पर मौजूद चार बकरियां मर गई. यह जानकारी स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि शैलेंद्र उपाध्याय ने दी. घटना की सूचना पाकर मांझी के सीओ धनंजय कुमार एकमा सीएचसी पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें ढांढस बंधाया.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

दंपती को मारपीट कर किया घायल, पांच पर प्राथमिकी दर्ज

भोरे. स्थानीय थाने के बड़हरा गांव में पति-पत्नी को मारपीट कर घायल कर दिया गया. साथ ही खेत जोतने देने के लिए 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग भी की गयी. मामले को लेकर उसी गांव के पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. बताया जाता है कि गांव के रमेश गोंड अपनी जमीन में खाद रख रहे थे. इस दौरान उसी गांव के शंभू ठाकुर, मुकेश ठाकुर, विष्णु शंकर ठाकुर उर्फ गोल्डन ठाकुर, राहुल ठाकुर तथा कालिंदी देवी आये और लाठी डंडे से मारकर सिर फोड़ दिया. साथ ही जाति सूचक शब्द कहकर प्रताड़ित भी किया गया. बचाने आयी पत्नी को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया. जाते समय आरोपितों ने खेत जोतने देने के लिए 50 हजार रुपये की मांग भी की.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

घर से भागकर रक्सौल पहुंची युवती को जीआरपी ने किया बरामद, परिजनो को सौंपा

रक्सौल : परिजनो से मिली डांट फटकार के बाद घर छोड़ कर रक्सौल आयी एक युवती को जीआरपी पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनो को सौंप दिया है. इसकी पुष्टि करते हुए रेल थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि मंगलवार की दोपहर रक्सौल स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पेट्रोलिंग के दौरान सअनि जयचंद कुमार को एक युवती अकेले दिखायी दी. संदेह के आधार पर उससे पूछताछ की गयी तो पता चला कि युवती मां-बांप के द्वारा डांटे जाने के बाद घर से भागकर रक्सौल आ गयी है. जिसके बाद महिला सिपाही की मदद से युवती की काउंसलिंग की गयी और उसे स्वंय सेवी संस्था प्रयास को सौंप दिया गया.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

चोरी की बाइक के साथ अपराधी गिरफ्तार

अकोढ़ीगोला. पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक के समीप से हीरो पैशन प्रो काले रंग की बिना नंबर के एक बाइक को रोका और उसका कागजात मांगा. इस पर बाइक सवार युवक हड़बड़ाया. तब शक हुआ कि कुछ गड़बड़ है. उसे थाना ले जाकर पूछताछ की गयी. इस दौरान पता चला कि बाइक चोरी की है. इसके बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने बताया कि अपराधी डालमियानगर रोहित रंजन उर्फ सोनू कुमार बताया जाता है. कोर्ट के निर्देश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त बाइक 2017 मॉडल की है. यह बाइक नवंबर 2022 में काराकाट थाना क्षेत्र के सकला बाजार से चोरी हुई थी. इस संबंध में काराकाट पुलिस को सूचना दे दी गयी है. गौरतलब है कि क्षेत्र में चोरी की बाइकों पर कई लोग सवारी कर रहे हैं. शराब तस्करी के धंधे में अधिकतर चोरी की बाइकों का इस्तेमाल होता है.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

एक शराब तस्कर समेत तीन गिरफ्तार

साठी. साठी थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव से छापेमारी के दौरान 50 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ बसंतपुर निवासी रामदयाल मुखिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दी. साथ ही दो वारंटी को अलग-अलग गांव से दो वारंटी को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार वारंटी की पहचान सेमरी निवासी शेख कलामुद्दीन एवं सोमगढ़ निवासी रामबाबू महतो के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि सभी को जेल भेज दिया गया है.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

पटना में ट्रॉली बैग से अज्ञात युवक की लाश बरामद, इलाके में सनसनी

पटना के नौबतपुर इलाके में सड़क किनारे से लावारिस हालत में एक ट्रॉली बैग मिला है. ट्रॉली बैग में 20 साल के युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. जैसे ही लोगों की नजर जब इस ट्रॉली बैग पर गयी तो उन्होंने जानीपुर थाने की पुलिस को इस बात की सूचना दी.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

शातिर राहुल शर्मा गिरफ्तार

नौतन. जानलेवा हमला, मारपीट, लूटपाट समेत कई कांडों के फरार अपराधी राहुल शर्मा को पुलिस ने समकालीन अभियान के दौरान छापेमारी में गिरफ्तार कर लिया. छापेमारी अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष खालिद अख्तर कर रहे थे. थानाध्यक्ष ने कहा कि गिरफ्तार अपराधी राहुल शर्मा के खिलाफ गोपालगंज व नौतन थाने में कई कांड दर्ज हैं. आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार रहता था. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गहिरी में आया है. थानाध्यक्ष ने आरोपी से गहन पूछताछ के बाद बुधवार को जेल भेज दिया है.

10:50 PM. 6 Sept 23 10:50 PM. 6 Sept

गया में रेल हादसा टला, टूटी पटरी से गुजरनेवाली थी ट्रेन

 बिहार के गया स्टेशन पर उस समय अफरा – तफरी मच गई, जब यहां मेन लाइन में पटरी टूटी मिली. हालांकि ट्रैक मैन ने ड्यूटी के दौरान इसे देखा तो तुरंत अलर्ट हुआ और फिर उस समय उसी रेलवे ट्रैक पर आ रही शालीमार गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिया. लेकिन,जरा सी चूक हो जाती तो सैंकड़ों यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी. यह घटना गया- कोडरमा रेल सेक्शन के गुरपा स्टेशन का बताया जा रहा है.

3:08 PM. 6 Sept 23 3:08 PM. 6 Sept

बेतिया में एसएसबी जवान ने की खुदकुशी

बेतिया में एसएसबी के एक जवान ने खुदकुशी कर ली है. मामला नरकटियागंज का है जहां आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम निवासी एक जवान जगदीश बतनी ने खुद को गोली मार ली. एफएसएल की टीम को जांच के लिए घटनास्थल पर बुलाया गया.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

पटना में पुलिस को देखकर गंगा में कूदे शराब तस्कर

पटना के खाजेकलां क्षेत्र में दो युवक स्कूटी से शराब की खेप लेकर आ रहे थे. सूचना मिलने पर पुलिस ने चौकसी कड़ी की. जब दोनों युवकों ने सामने पुलिस को देखा और मंशा भांप ली तो आनन-फानन में स्कूटी पुल पर छोड़कर गंगा में कूद गए. पुलिस ने दोनों को घेराबंदी करके बाहर निकाला और गिरफ्तार कर लिया.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

अररिया में युवक की बेरहमी से हत्या

अररिया के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के दभड़ा में एक युवक की हत्या कर दी गयी. युवक का शव क्षत विक्षत हाल में बरामद हुआ है. युवक के शरीर के अंग-अंग को बेरहमी से काटा गया और उसके बाद तेजाब डाला गया. मृतक की पहचान इम्तियाज के रूप में की गयी है.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

बांका में दारोगा को टक्कर मारकर भागा कार सवार, शराब जब्त

बांका में एक एएसआइ को टक्कर मारते हुए कार चालक फरार हो गया. बिहार-झारखंड बॉर्डर के भलजोर चेकपोस्ट के पास ड्यूटी कर रहे एएसआइ पप्पू पासवान ने एक कार को रोकने का प्रयास किया. कार चालक ने दारोगा को टक्कर मार दी और फरार हो गया. शराब लदी कार को बौंसी में पकड़ा गया.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

गुरपा स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक टूटा

गया कोडरमा रेल लाइन के गुरपा स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक टूटा हुआ मिला. ट्रैकमैन की नजर इसपर पड़ी तो शालीमार एक्सप्रेस व इंटरसिटी ट्रेन को फौरन पहले ही रोका गया. रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे. मरम्मत कार्य किया गया और उसके बाद सामान्य स्पीड से ट्रेन गुजरी.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

मुंगेर में डेंगू के मामले बढ़े

मुंगेर में डेंगू के मामले बढ़े हैं. मंगलवार को भी 7 मरीज सदर अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती हुए है. जबकि इससे पूर्व 6 डेंगू पीड़ित मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल प्रशासन ने डिस्चार्ज कर घर भेज दिया है.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

आरा में नक्सली विनोद मिश्रा गिरफ्तार

भोजपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. कुख्यात नक्सली विनोद मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है. विनोद मिश्रा विगत 7 सालों से फरार चल रहा था.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

बेतिया में  नदी में नहाने के दौरान बच्ची डूबी

बेतिया में नदी में नहाने के दौरान एक 10 वर्ष की बच्ची की मौत हो गई. मामला मैनाटांड़ प्रखंड क्षेत्र के इनरवा गांव से सटकर बहने वाली ओरिया नदी की है. जानकारी के अनुसार अब्दुल्लाह अंसारी कि 10 पुत्री गुलासबा खातून घर के परिजनों से बिना कहे इनरवा और नेपाल दशौता गांव से सटकर बहने ओरिया नदी मे नहाने चली गयी. वह नहाने के दौरान नदी के गहरे पानी में डूब गयी. खेत में काम कर रहे अगल बगल के लोग आते और बचाव करते तब तक वह डूब गयी. इधर मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चित्कार मच गया. लेकिन मृत बच्ची का शव नेपाल क्षेत्र में होने के कारण मौके पर पहुंची नेपाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीरगंज ले गई. जहां बच्ची का पोस्टमार्टम किया गया. मृत बच्ची दो बहन है. वहीं उसकी मां भी आज से पांच वर्ष पहले इंतकाल कर चुकी है.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

गोपालगंज में युवक ने की आत्महत्या

गोपालगंज शहर के अधिवक्ता नगर में किराये के मकान में रह कर यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवक ने पंखे से लटक कर सुसाइड कर लिया. मृतक विशंभरपुर थाना के सल्लेहपुर गांव के अबरे आलम के 24 वर्षीय पुत्र आफताब आलम थे. मंगलवार को मिलने के लिए उसके रिश्तेदार आये तो पता चला कि युवक ने अपने दरवाजा को अंदर से बंद कर रखा है. काफी प्रयास के बाद दरवाजा नहीं खोला, तो आसपास लोगों के संदेह होने के पर दरवाजा तोड़ा गया, तो पता चला कि युवक ने पंखे के सहारे लटक कर अपनी आत्महत्या कर ली है. लोगों ने इसकी सूचना कई बार नगर थाने की पुलिस को दी. बाद में एसपी स्वर्ण प्रभात को लोगों ने घटना की जानकारी दी. उसके बाद शाम को पुलिस मौके पर पहुंची, जहां लोगों की भीड़ के बीच से कमरे में जाकर शव को वीडियोग्राफी कराते हुए निकाला.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

के के पाठक छुट्टी मामले पर नाराज

शिक्षा विभाग में एकबार फिर से छुट्टियों को लेकर विवाद खड़ा हुआ है. अपर मुख्य सचिव के के पाठक स्वीकृत छुट्टियों को रद्द करने के फैसले को वापस लेने से नाराज हैं और उन्होंने कहा है कि हर हाल में 220 दिनों तक कक्षाएं चलेंगी.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

दानापुर रेल मंडल में बिना टिकट यात्रा कर रहे 370 लोग पकड़े गये

पटना – दानापुर रेल मंडल में बिना टिकट यात्रा करने वाले लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलायी जा रही है. इसी क्रम में मंगलवार को भी विशेष चेकिंग अभियान चला. इस दौरान टीम ने प्लेटफॉर्म, परिसर, एसी कोच, स्लीपर आदि जगहों पर जांच किया. इस अभियान में कुल 370 लोगों को पकड़ा गया, जिनसे जुर्माने के तौर पर 1 लाख 94 हजार रुपये राजस्व वसूले गये. वहीं रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी दानापुर मंडल में टिकट चेकिंग अभियान में बिना टिकट के यात्रा करते हुए लोगो से रेलवे एक्ट के तहत बीते 2 से चार तक किए गये टिकट चेकिंग के दौरान कुल 10,526 लोग पकड़े जा चुके हैं. जिनसे जुर्माने के राशि के रूप मे 52 लाख 24 हजार 461 रुपये वसूले गये.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

कुढ़नी में गार्ड की हत्या

मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में छाता चौक स्थित एक रेस्तरां के सिक्यूरिटी गार्ड आशुतोष कुमार की बदमाशों ने निर्मम हत्या कर दी. उसका हाथ-पैर बांध कर प्राइवेट पार्ट काट कर नहर में फेंक दिया. मंगलवार की सुबह उसका शव छाजन मोहिनी हाइस्कूल के पीछे स्थित मल्लिकपुर नहर से मिला.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

बांका में 86 शिक्षकों ने सामूहिक रूप से बीएलओ पद से दिया इस्तीफा

बांका : कटोरिया प्रखंड मुख्यालय में डीपीआरओ की समीक्षात्मक बैठक के बाद मंगलवार को कुल 86 शिक्षकों ने सामूहिक रूप से बीएलओ पद से त्याग-पत्र दे दिया. सामूहिक हस्ताक्षर युक्त त्याग-पत्र बीडीओ को सौंपा गया. यह प्रकरण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. 

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

मुंगेर में लापता महिला की सिर कटी लाश बरामद

मुंगेर के बरियारपुर थाना क्षेत्र के खड़िया गांव पूर्वी टोला से लापता 25 वर्षीय गुड़िया का सिर कटा शव तीन दिन बाद घर के समीप से ही जलकुंभी से पुलिस ने बरामद किया. जबकि मृतका की तीन वर्षीय बच्ची दिव्या रानी का अबतक कोई पता नहीं चल पाया है. जबकि हत्यारा पति हत्या करने के बाद से फरार चल रहा है.

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

बिहार में ठनका गिरने से 7 लोगों की मौत

बिहार में मंगलवार को ठनका गिरने से 7 लोगों की मौत हुई है. ठनका गिरने से रोहतास जिले में चार लोगों के मरने की खबर है.वहीं छपरा में भी तीन लोगों की मौत की खबर सामने आयी है. पढ़िए पूरी खबर..

बिहार के रोहतास व छपरा में मौत का तांडव, ठनके की चपेट में आकर आधा दर्जन से अधिक लोगों की गयी जान

2:29 PM. 6 Sept 23 2:29 PM. 6 Sept

छपरा में करेंट लगने से महिला की मौत

छपरा के परसा प्रखंड के लालापुर गांव में करेंट लगने से मंगलवार को लगने से नसीमा देवी (46 वर्षीया ) महिला की मौत हो गयी. स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची व शव को अत्यंत परीक्षण हेतु छपरा भेज दिया. जानकारी के अनुसार नसीमा घर में कोई काम कर रही थी तभी करेंट लगने से मौत हो गयी.

7:14 AM. 6 Sept 23 7:14 AM. 6 Sept

मुंगेर में लूटपाट के दौरान चालक को मारी गोली

मुंगेर के हवेली खड़गपुर अंतर्गत गंगटा जंगल में अपराधियों ने मंगलवार की देर शाम लूट की घटना को अंजाम दिया. एक दर्जन से अधिक ट्रक व यात्री वाहनों से लूटपाट की. विरोध करने पर कई लोगों के साथ मारपीट की. जबकि एक टीपर चालक को गोली मार दी. उसे कुछ लोग इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गपुर लाया है, जहां से उसे इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है.

मुख्य बातें

Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >