Bihar 3687 Assistant Professor Recruitment: बिहार के सरकारी कॉलेजों में प्रोफेसर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक खुशखबरी है. राज्य के 211 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में 3687 पदों पर संविदा के आधार पर असिस्टेंट प्रोफेसर की बंपर बहाली होने जा रही है. यह पूरी नियुक्ति बिहार राज्य विश्वविद्यालय आयोग के माध्यम से नए नियमों के तहत की जाएगी.
इन छह विषयों में होगी बहाली
आयोग की तरफ से जारी शेड्यूल के मुताबिक, फिलहाल छह मुख्य विषयों के लिए आवेदन मांगे गए हैं. इन कुल 3687 पदों में अंग्रेजी विषय के लिए सबसे ज्यादा 674 पद रखे गए हैं. इसके बाद इतिहास में 662 पद, हिंदी में 635 पद, अर्थशास्त्र में 597 पद, राजनीति विज्ञान में 596 पद और समाजशास्त्र के लिए 533 पद तय किए गए हैं. जो भी अभ्यर्थी इन पदों के लिए जरूरी योग्यता रखते हैं, वे सीधे ऑनलाइन माध्यम से अपना फॉर्म भर सकते हैं.
आवेदन की तारीख और पूरा शेड्यूल
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को समर्थ पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन अप्लाई करना होगा. आवेदन करने के लिए पोर्टल को 3 जुलाई को खोल दिया गया है और ऑनलाइन फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 15 जुलाई 2026 तय की गई है. निर्धारित तिथि तक मिलने वाले सभी आवेदनों की जांच यानी स्क्रीनिंग करने के बाद 17 और 18 जुलाई को इंटरव्यू के लिए लेटर जारी कर दिए जाएंगे.
इसके बाद 20 से 27 जुलाई 2026 तक अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा. इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद 29 जुलाई को फाइनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी जाएगी और चुने गए उम्मीदवारों को 7 अगस्त 2026 तक अपने आवंटित कॉलेज में जाकर योगदान देना होगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
कौन कर सकता है अप्लाई और क्या है उम्र सीमा
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का भारतीय नागरिक होना जरूरी है. इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ पोस्ट ग्रेजुएशन यानी स्नातकोत्तर की डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा उम्मीदवार का नेट, सेट या पीएचडी पास होना भी अनिवार्य किया गया है.
उम्र सीमा की बात करें तो आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम उम्र 21 साल और अधिकतम उम्र 43 साल तय की गई है. नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम उम्र सीमा में 5 साल की विशेष छूट दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें: अगले 72 घंटे के लिए बिहार के इन जिलों के लोग हो जाएं सावधान, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
बिहार के इन दो जिलों में जमीन के नीचे बनेगी ब्लास्ट-प्रूफ रेल लाइन, जंग में बंकर का करेगी काम
