बिहार के भोजपुर में चलती ट्रेन में लूटपाट, विरोध करने पर बदमाशों ने स्टूडेंट को नीचे फेंका

Bihar Train News: भोजपुर में चलती ट्रेन में लूटपाट की कोशिश का विरोध करना एक छात्र को भारी पड़ गया. बदमाशों ने मोबाइल छीनने के बाद उसे ट्रेन से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

Bihar Train News: बिहार के भोजपुर जिले में रेल यात्रियों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर कोईलवर अब्दुल बारी पुल के पास शनिवार को बदमाशों ने एक छात्र से मोबाइल छीनने के बाद उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया. घायल छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना में घायल युवक की पहचान सारण जिले के ठीका गांव निवासी प्रिंस कुमार (25) के रूप में हुई है.

दोस्त से मिलकर लौट रहा था युवक

प्रिंस बीसीए पार्ट थर्ड का छात्र है और पढ़ाई के सिलसिले में आरा अपने दोस्त से मिलने गया था. आरा से लौटते समय उसने पैसेंजर ट्रेन पकड़ी थी और चांदी कोसीहान गांव स्थित अपने मामा के घर जा रहा था. प्रिंस ने बताया, “कोईलवर स्टेशन से कुछ पहले, जब ट्रेन की स्पीड कम थी, कुछ युवक चलती ट्रेन में चढ़ गए. उन्होंने अचानक झपटा मारकर मेरा मोबाइल छीन लिया. जब मैंने विरोध किया तो उन्होंने मुझे धक्का देकर ट्रेन से नीचे फेंक दिया.”

गंभीर रूप से घायल प्रिंस को स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने अस्पताल पहुंचाया. पहले उसे नजदीकी पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

पुलिस ने शुरू की जांच, बदमाशों की तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद GFP थाना प्रभारी रंधीर कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल युवक से पूरी जानकारी ली. उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. रेल रूट पर आए दिन बढ़ रही लूट और छिनतई की घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के स्टेशनों पर अपराधिक तत्वों की सक्रियता चिंता का विषय बनती जा रही है. प्रिंस की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज सदर अस्पताल में जारी है.

Also Read: जेल के अंदर हाई पनिशमेंट सेल में था सोनू, रिहा होते ही अनंत सिंह पर कह दी ये बड़ी बात…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >