आरा (भोजपुर) : लोकसभा चुनाव को लेकर आरा सदर प्रखंड के रामापुर सनदिया बूथ पर चुनाव में गड़बड़ी को लेकर भाजपा का एक कार्यकर्ता विरोध करने लगा. इस पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और थाने ले आयी. चुनाव खत्म होने के बाद भाजपा के कुछ कार्यकर्ता उसे छुड़ाने के लिए मुफस्सिल थाना पहुंचे.
वहां थानाध्यक्ष से बकझक हुई. इसके बाद थानाध्यक्ष ने फायरिंग कर दी. इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दी, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. इसमें भाजपा के कई कार्यकर्ता जख्मी हो गये.
सूचना मिलने पर डीएम संजीव कुमार, एसपी आदित्य कुमार, एसडीपीओ पंकज कुमार, एसडीओ अरूण प्रकाश मौके पर पहुंच गये. इधर घटना की जानकारी मिलते ही देर शाम शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआइजी पंकज कुमार राठी मौके पर पहुंच गये और मामले की छानबीन जांच की. वहीं, थानाध्यक्ष का कहना है कि 40 की संख्या में लोग थाना परिसर में पहुंचकर धक्का-मुक्की कर रहे थे, जिसके बाद आत्मरक्षा के लिए फायरिंग की गयी.
