चरपोखरी : प्रखंड की पसौर पंचायत के उपभोक्ताओं ने राशन-केरोसिन समय पर नहीं मिलने पर जन वितरण दुकानदार के खिलाफ सोमवार को हंगामा किया. उपभोक्ताओं का कहना था कि अधिकारियों की मिलीभगत से जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों द्वारा समय पर राशन का वितरण नहीं किया जाता है.
पसौर गांव के राजकुमार चौधरी, शिवप्रसाद साह, देवकुमार पासवान, अजीत पासवान सहित अन्य ग्रामीणों ने पसौर के जन वितरण दुकानदार इंद्रमणि सिंह, लता सिंह और हरेंद्र सिंह पर मार्च महीने का राशन वितरण नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि जान बूझकर गड़बड़ी करने की नीयत से राशन का वितरण दुकानदारों द्वारा नहीं किया गया है.
एक माह के अंतराल पर राशन का वितरण किया जाता है, जिससे पूरे एक वर्ष में छह माह का ही राशन मिल पाता है और छह महीने का राशन दुकानदारों द्वारा बेच दिया जाता है. ग्रामीणों ने इसकी लिखित शिकायत प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को प्रतिलिपि के रूप में दी है.
ग्रामीणों द्वारा जनवितरण दुकान में समय से राशन वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की गयी है. राशन वितरण में अनियमितता की जांच करते हुए कार्रवाई करने की भी मांग की है.
इस संबंध में संबंधित अधिकारी ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा मिली शिकायत के आधार पर गुरुवार को संबंधित दुकान की जांच की गयी थी. मार्च माह का उठाव 26 मार्च के बाद हुआ था, जिसके कारण दुकानदारों द्वारा विलंब से वितरण शुरू किया गया. स्टॉक पंजी की जांच की गयी थी. जांच के दौरान गड़बड़ी नहीं पायी गयी. पुन: जांच की जायेगी और दोषी पाये जाने पर कार्रवाई की जायेगी.
