आरा : झारखंड का आतंक और इनामी अपराधी शार्प शूटर नंदकिशोर सिंह उर्फ बबलू सिंह उर्फ मामा को जिला पुलिस बल, बिहार व भोजपुर की एसटीएफ तथा डीआईओ की टीम ने बेरथ से गिरफ्तार कर लिया. धनबाद के विधायक संजीव सिंह के करीबी रंजय सिंह की हत्या के बाद वह झारखंड पुलिस के लिए सिरदर्द बना था. उसकी गिरफ्तारी गुरुवार को उस समय हुई, जब वह अपने बच्चों को गांव के ही एक निजी स्कूल में पढ़ने के लिए छोड़ने गया था. उस पर भोजपुर के मुफस्सिल थाने में पुलिस पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज है. गिरफ्तारी के बाद उसे मुफस्सिल थाने में रखा गया है, जहां शुक्रवार को उसे जेल भेजा जायेगा.
इसके बाद भोजपुर और झारखंड पुलिस कोर्ट के आदेश के बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी. इसके बाद झारखंड पुलिस अपराधी को साथ लेकर झारखंड जायेगी. वहां भी पुलिस द्वारा गहन पूछताछ की जायेगी. भोजपुर के एसपी अवकाश कुमार ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने गांव आया हुआ है.इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
