बिहिया : थाना क्षेत्र के बिहिया चौरास्ता रोड पर भोजाचक मोड़ के समीप अज्ञात अपराधियों ने एक प्राइवेट कंपनी के कर्मियों को दिनदहाड़े हथियार का भय दिखाकर बाइक समेत 70 हजार रुपये लूट लिये.
सोमवार को घटित घटना को लेकर रेडियंस कंपनी कर्मी व बिहिया थाना क्षेत्र के बासदेवपुर निवासी सत्यनारायण यादव द्वारा बिहिया थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में कहा गया है कि वे और उनकी कंपनी के एक अन्य कर्मी बासदेवपुर निवासी उदय सिंह बिहिया पेट्रोल पंप के समीप स्थित ई-कॉमर्स एक्सप्रेस कूरियर कंपनी से 70971 रुपया कलेक्शन किया. उसके बाद अमराई नवादा स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप से 8 लाख 40 हजार रुपया लिया.
उसने बताया कि कूरियर कंपनी के मिले पैसे अपनी बाइक की डिक्की में तथा पेट्रोल पंप से मिले पैसे को बैग में रखकर बाइक से बिहिया बाजार स्थित पीएनबी में जमा कराने जा रहे थे. इसी क्रम में बिहिया चौरास्ता रोड पर भोजाचक मोड़ के समीप तीन बाइक पर सवार लगभग छह की संख्या में अज्ञात लोगों ने उनकी बाइक में धक्का मार दिया, जिससे वे गिर पड़े़
इसी क्रम में अज्ञात बाइक सवार उनसे उलझ गये और मारपीट करते हुए हथियार का भय दिखाकर उनकी बाइक लेकर भाग निकले. घटना के दौरान अपराधियों द्वारा दो फायर करने का भी प्रयास किया गया परंतु गोली मिस हो गयी. कर्मियों ने बताया कि घटना के दौरान उनके बैग में रखा हुआ 8 लाख 40 हजार रुपया बच गया है. घटना को लेकर व्यवसायियों में दहशत बना हुआ है. वहीं जगदीशपुर एएसपी मनजीत कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है.
बिहिया चौरास्ता रोड पर तीन बाइकों पर सवार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
बैंक में पैसा जमा करने जाने के दौरान हुई घटना
