नवादा थाने के धोबीघटवा मोड़ के समीप सड़क जाम कर रहे थे लोग
आरा : लगातार हो रही घटनाओं से आजिज होकर रविवार को लोग सड़क पर उतर गये और आरा- पटना मुख्य मार्ग को नवादा थाना क्षेत्र के धोबीघटवा मोड़ के समीप जाम कर दिये और टायर जलाकर आगजनी करने लगे. इस दौरान आक्रोशित लोग जिला प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की. आक्रोशित लोग सड़क पर गति अवरोधक बनाने की मांग कर रहे थे. जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गयी थीं. सड़क के दोनों किनारे जाम लगने के कारण अफरातफरी का माहौल कायम हो गया था. आक्रोशित लोगों का कहना था कि गति अवरोधक नहीं होने के कारण गाड़ियां तेजी से चलती हैं, जिसके कारण हादसा होता है. सड़क पर ब्रेकर लग जाने के बाद गाड़ी चालक नियंत्रण में गाड़ी चलायेंगे, जिसे दुर्घटना में कमी आयेगी. आक्रोशित लोगों का कहना था कि तीन माह के अंदर मोड़ पर कई घटनाएं हुईं.
कई बार जिला प्रशासन से स्थानीय लोगों द्वारा लिखित आवेदन देकर ब्रेकर लगाने की मांग की गयी, लेकिन प्रशासन हर बार आश्वासन देकर लोगों को मूर्ख बना देता है, लेकिन अब तक इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गयी, जिसके कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और सड़क पर उतर गये. बाद में घटना की जानकारी मिलते ही नवादा के प्रभारी थानाध्यक्ष वीरेंद्र पासवान मौके पर दलबल के साथ पहुंच गये और लोगों को समझा-बुझा कर मामला शांत कराया गया तब जाकर यातायात सुचारु रूप से बहाल हो सका.
दोनों ओर जाम होने के कारण मच गयी थी अफरातफरी
धोबीघटवा मोड़ के समीप जाम लगने के कारण धोबीघटवा से बिहारी मिल जानेवाली गाड़ियां तथा शहर में प्रवेश करनेवाली गाड़ियों को भी जाम करनेवाले लोगों ने रोक दिया, जिसके कारण चारों तरफ जाम लग गया था. जाम लगने के कारण काफी देर तक अफरातफरी मची रही. कई लोग पैदल ही अपने गंतव्य की ओर जाते दिखे. कड़ी धूप के कारण जाम में फंसे वाहनों में बैठे लोग बेहाल नजर आये वहीं, पैदल यात्रियों को भी काफी परेशानी हुई. बाद में प्रशासन के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ.
