कोइलवर थाना क्षेत्र के मटियारा गांव से शव को पुलिस ने किया बरामद
मृतक के पिता ने बहू, उसके भाई, उसके पिता समेत छह लोगों पर दर्ज करायी प्राथमिकी
आरा : आरा में एक पत्नी ने अपने मायकेवालों के साथ मिलकर अपने ही पति का गला दबाकर हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद युवक को उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के मृत घोषित करने के बाद शव को लेकर मायकेवाले अपने गांव चले गये. उसके बाद घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी गयी. पुलिस ने शव को कोइलवर थाना क्षेत्र के मटियारा गांव से बरामद किया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया. डॉक्टरों ने बताया कि युवक की हत्या गला दबाकर और सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण हुई है. हालांकि मायकेवालों का कहना है कि चौकी पर से गिर कर मौत हुई है.
मृतक की पहचान नीरज कुमार उर्फ कुंदन कुमार के रूप में की गयी, जो शेखपुरा जिले के टीचर कॉलोनी बंगाली पर मुहल्ले निवासी कृष्णनंदन सिंह का पुत्र है. परिजनों ने बताया कि विगत 10 साल पहले से ही नीरज लव मैरेज शादी कर अपने ससुराल में ही रहता था. घटना के संबंध में मृतक के पिता ने बताया कि सोमवार की देर शाम पति और पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद मायके वालों ने गर्दन दबा और मारपीट कर उसकी हत्या कर दी. मृतक के पिता कृष्णनंदन सिंह के बयान पर मृतक की पत्नी शालिनी उर्फ मीनू, उसके भाई शेखर, पिता हरि नारायण सिंह, ओम प्रकाश यादव, चंद्रमा सिंह सहित छह लोगों पर मामला दर्ज कराया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
शालिनी से की थी लव मैरिज : पहली पत्नी ने साथ छोड़ दिया तो दूसरी ने हत्या करा दी. जिस पत्नी के लिए नीरज ने अपने घरवालों को छोड़ दिया, उसी पत्नी ने पारिवारिक कलह के कारण पति को ही मौत के घाट उतार दिया. बकौल परिजन मृतक के पिता कृष्णनंदन सिंह ने बताया कि 10 साल पहले नीरज अपने ममहर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मथवलिया गांव आया करता था. उसी क्रम में शालिनी से प्रेम विवाह हो गया. शादी के बाद से ही वह ससुरालवालों के साथ रहता था. हमलोगों से काफी दिनों तक बोलचाल बंद हो गयी थी. बाद में सबकुछ नॉर्मल हो गया था.
पहली पत्नी को छोड़कर रचायी थी दूसरी शादी: मृतक नीरज की दो शादी हुई है. पहली पत्नी से बच्चा नहीं होने के कारण वह छोड़कर चली गयी और दूसरी शादी रचा ली, जिसके बाद नीरज ने पूर्व के रिश्तेदारी में ही मटियारा गांव में शालिनी उर्फ मीनू से दूसरी शादी की. शालिनी से दो बच्चियां और एक पुत्र भी है. लव मैरेज शादी करने के कारण नीरज के परिजन उससे काफी नाराज थे. बाद में परिजनों ने भी रिश्ते को स्वीकार कर लिया था, लेकिन नीरज किसी समारोह के उपरांत ही अपने गांव जाता था. बाकी समय अपने परिवार के साथ आरा से लेकर मटियारा तक ही रहता था. नीरज के पिता कृष्णनंदन सिंह ने बताया कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच हल्की नोक-झोंक चली आ रही थी.
पिता ने कहा, फोन पर मिली जानकारी की नीरज अब इस दुनिया में नहीं रहे
मृतक के पिता कृष्णनंदन सिंह ने बताया कि बीती रात नीरज के ससुराल वालों द्वारा फोन पर जानकारी दी गयी थी कि नीरज की मौत हो गयी है. घटना का कारण पूछने पर मायके वालों ने बताया कि चौकी पर से गिरने से मौत हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि नीरज की मौत गला दबाकर और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई है.
घटना के बाद इलाज कराने के लिए अस्पताल लाये थे मायके वाले
नीरज अपने पत्नी और बच्चे के साथ नगर थाना क्षेत्र के सपना सिनेमा के समीप किराये के मकान में रहता था. वह प्राइवेट नौकरी करता था. बीती रात किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा हुआ, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया. साक्ष्य को मिटाने के उद्देश्य से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भी लाया गया था, लेकिन डॉक्टरों के मृत घोषित करने के बाद उसके शव को लेकर मायके वाले अपने गांव मटियारा चले गये, जिसके बाद मृतक के पिता और उसके संबंधी मंगलवार की सुबह मटियारा गांव पहुंचे उसके बाद संबंधित थाना को खबर दी गयी. इस संबंध में कोइलवर थानाध्यक्ष पंकज सैनी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी.
