bhagalpur news. बिहार में एयरोस्पोर्ट्स का नया अध्याय : भागलपुर में युवाओं को विमानन क्षेत्र में मिलेगा रोजगार

राज्य सरकार और एयरो क्लब ऑफ इंडिया (एसीआई) के बीच हुए ऐतिहासिक समझौते के बाद बिहार में स्काई डाइविंग, पैराग्लाइडिंग और ड्रोन फ्लाइंग जैसी गतिविधियों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज हो गयी है.

बिहार के आसमान में अब रोमांच की नयी उड़ान दिखने वाली है. राज्य सरकार और एयरो क्लब ऑफ इंडिया (एसीआई) के बीच हुए ऐतिहासिक समझौते के बाद बिहार में स्काई डाइविंग, पैराग्लाइडिंग और ड्रोन फ्लाइंग जैसी गतिविधियों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज हो गयी है. इसी कड़ी में एयरो क्लब ऑफ इंडिया की एक उच्चस्तरीय विशेषज्ञ टीम बिहार के विभिन्न जिलों के हवाई अड्डों का निरीक्षण कर रही है. गुरुवार को यह टीम भागलपुर आयेगी. शुक्रवार को सर्वे करेगी. सिविल विमानन विभाग के सचिव डॉ निलेश रामचंद्र देवरे के निर्देश के अनुसार यह विशेषज्ञ दल नौ अप्रैल की शाम सिल्क सिटी भागलपुर पहुंचेगा. भागलपुर हवाई अड्डे की क्षमताओं और वहां एयरोस्पोर्ट्स की संभावनाओं को टटोलने के लिए यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सुरक्षा और समन्वय के कड़े इंतजाम जिलाधिकारी ने टीम के दौरे को लेकर विस्तृत आदेश जारी किये हैं. एडीएम (विधि व्यवस्था) राकेश रंजन को इस पूरे दौरे के लिए डेडिकेटेड नोडल ऑफिसर नामित किया गया है. वह जिला प्रशासन और सर्वेक्षण टीम के बीच सेतु का कार्य करेंगे. एसएसपी, भागलपुर और एसपी, नवगछिया को निर्देश दिया गया है कि टीम के भ्रमण के दौरान वाहन सहित एस्कॉर्ट पार्टी और पुख्ता सुरक्षा मुहैया करायी जाये. हवाई अड्डे के निरीक्षण के दौरान टीम को सभी आवश्यक सुविधाएं और तकनीकी सहयोग देने का निर्देश दिया गया है. क्या है इस पहल का उद्देश्य? दरअसल, 06 अक्तूबर, 2025 को बिहार सरकार और एयरो क्लब ऑफ इंडिया के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे. इसका मुख्य लक्ष्य राज्य के युवाओं के लिए एविएशन सेक्टर में करियर और साहसिक खेलों के नये अवसर पैदा करना है. इसके तहत स्थानीय स्तर पर युवाओं को पायलट और अन्य तकनीकी प्रशिक्षण दिया जायेगा. पैराग्लाइडिंग, स्काई डाइविंग और हॉट एयर बैलूनिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जायेगा. आधुनिक युग की जरूरत को देखते हुए ड्रोन फ्लाइंग की ट्रेनिंग और सर्वेक्षण का काम होगा. इन जिलों का भी होगा कायाकल्प भागलपुर के अलावा यह उच्चस्तरीय टीम मुजफ्फरपुर, सारण, पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, मुंगेर और बेगूसराय के हवाई अड्डों का भी सर्वेक्षण कर रही है. सांसद (लोकसभा) के विशेष अनुरोध और पत्र के बाद इस कार्यक्रम को और गति दी गयी है, ताकि बिहार पर्यटन और विमानन के नक्शे पर मजबूती से उभर सके. भागलपुर में इस पहल से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भविष्य में यहां के युवाओं के लिए विमानन क्षेत्र में रोजगार के द्वार भी खुलेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >