भागलपुर से ब्रजेश की रिपोर्ट
भागलपुर. विक्रमशिला सेतु पर बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) द्वारा बेली ब्रिज निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. सेतु पर छोटे वाहनों के परिचालन को जल्द शुरू कराने के उद्देश्य से निर्माण कार्य युद्धस्तर पर हो रहा है. हाल ही में हुए उच्चस्तरीय निरीक्षण के बाद निर्माण कार्य में और तेजी देखी जा रही है.बीते 20 मई को अपर महानिदेशक सीमा सड़क संगठन जितेंद्र प्रसाद के निरीक्षण के बाद परियोजना की गति और बढ़ गयी है. एक ही दिन में 170 फीट हिस्से में लोहे की चादर बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया. गुरुवार शाम तक बेली ब्रिज पर डेक यानी प्लेट बिछाने का काम भी समाप्त कर लिया गया, जिसके बाद दोनों ओर रैंप तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया गया है.पहला बेली ब्रिज शनिवार तक तैयार होने की उम्मीद
पहला बेली ब्रिज शनिवार तक पूरी तरह तैयार कर लिया जायेगा. इसके बाद रविवार से दूसरे 12 मीटर लंबे बेली ब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके लिए आवश्यक सामग्री कोलकाता से पहले ही भागलपुर पहुंच चुकी है. वहीं तीसरे 24 मीटर लंबे बेली ब्रिज के लिए भी सामग्री दो दिनों में पहुंचने की संभावना है.7 जून से पहले छोटे वाहनों के परिचालन का लक्ष्य
जिला प्रशासन ने 7 जून से पहले बेली ब्रिज के माध्यम से छोटे वाहनों का परिचालन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. बीआरओ की टीम लगातार दिन-रात कार्य में जुटी है ताकि समयसीमा के अंदर निर्माण पूरा किया जा सके. परियोजना पूरी होने के बाद विक्रमशिला सेतु पर आवागमन की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है.
