bhagalpur news. समाज में योगदान देने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर टाउन हॉल में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया.

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर टाउन हॉल में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास निगम, भागलपुर एवं कला एवं संस्कृति विभाग, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया. कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, कला एवं संस्कृति, बाल विवाह उन्मूलन और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं एवं संबंधित क्षेत्रों से जुड़े व्यक्तियों को सम्मानित किया गया. सम्मान समारोह के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य कर रही महिलाओं के योगदान को सराहा गया. सम्मानित होने वाली जीविका दीदियों में समाज सुधार अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाली कल्पना देवी, बाल विवाह रोकने के अभियान से जुड़ी सक्षमा दीदी अर्चना कुमारी, दीदी की रसोई का सफल संचालन करने वाली बीबी रुखसार, उद्यमी दीदी ललिता देवी, सपना देवी और बीबी शबनम शामिल हैं. कार्यक्रम में चिराग संकुल संघ की अध्यक्ष मानुषी देवी, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभार्थी लक्ष्मी देवी और रूबी देवी ने भी अपने अनुभव साझा की. इन्हीं में से एक कल्पना देवी हैं, जो दहेज प्रथा के खिलाफ समाज को लगातार जागरूक करने का काम कर रही हैं. वह अपने बेटे की शादी बिना दहेज किया. समाज में सकारात्मक संदेश देने के इस प्रयास के लिए उन्हें सम्मानित किया गया. कल्पना देवी सबौर प्रखंड के फरका पंचायत की निवासी हैं. वह सीता समूह और अर्पण संकुल संघ से जुड़ी हुई हैं. इसके साथ ही वह शराबबंदी, बाल विवाह और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाकर समाज में बदलाव लाने का प्रयास कर रही हैं. महिलाओं की भूमिका पर वक्ताओं ने दिया जोर कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि समाज के समग्र विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने महिलाओं की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक प्रगति को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया. साथ ही बाल विवाह रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने को समय की जरूरत बताया. बाल विवाह के खिलाफ दिलायी गयी शपथ कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, मेयर डॉ बसुंधरा लाल, सिटी एसपी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद मौजूद रहे. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलायी गयी और महिला सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >