कहलगांव थाना क्षेत्र के शिवकुमारी पहाड़ मोहल्ले में प्रेम विवाह के बाद जहर खाने वाले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. वहीं युवती का इलाज अब भी जेएलएनएमसीएच में चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति सामान्य बतायी जा रही है. हालांकि वह लगातार पेट दर्द और गला दर्द की शिकायत कर रही है. जानकारी के अनुसार, अमडंडा थाना क्षेत्र के अदलपुर निवासी 20 वर्षीय लक्ष्मीकांत कुमार और बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत जबरा गांव निवासी 18 वर्षीय अमृता कुमारी ने शुक्रवार को मंदिर में प्रेम विवाह किया था. विवाह के बाद पारिवारिक विरोध और तनाव से परेशान होकर दोनों ने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ खा लिया था. गंभीर हालत में पहले कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए दोनों को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया था. इलाज के दौरान शनिवार को लक्ष्मीकांत कुमार की मौत हो गयी. मायागंज स्थित बरारी कैंप थाने की पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. घटना के संदर्भ में लक्ष्मी के पिता सुभाष कुमार सिंह ने पुलिस के समक्ष अपना बयान दिया है. कहलगांव में रहता था लक्ष्मीकांत और अपने ननिहाल में रहती थी युवती लक्ष्मीकांत के पिता सुभाष सिंह गिरिडीह में रहते हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद वह भागलपुर जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल पहुंचे थे. सुभाष सिंह ने बताया कि इंटर की पढ़ाई के बाद से ही उसका पुत्र लक्ष्मीकांत, कहलगांव स्थित तीन पहाड़ मोहल्ला स्थित अपने घर में रह कर पढ़ाई करता था. पिता ने बताया कि पुत्र के प्रेम प्रसंग की जानकारी उन्हें चार माह पहले हुई थी. उसने पुत्र को समझाया था कि पहले पढ़ लो बेटा, फिर शादी के बारे में सोचा जाएगा. पिता ने बताया कि उसने कहा था कि अपना करियर बना लो फिर जिस लड़की से कहोगे, उसी से तुम्हारी शादी करा देंगे. सुभाष ने बताया कि लड़की को वह पहचानते भी नहीं थे, लेकिन जब प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली तो पता चला कि वह किस परिवार की लड़की है. युवक के पिता ने बताया कि लड़की का आमडंडा में ननिहाल है और वह यही पर रह कर पढ़ाई करती है. शादी से पहले ही की थी जहर खाने की प्लानिंग इलाजरत युवती अमृता ने बताया कि डेढ़ साल से वे दोनों एक दूसरे से प्रेम करते हैं. शुरुआत लक्ष्मी ने ही की थी. उसने अपना मोबाइल नंबर दिया. लड़की ने बताया कि दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी दोनों के परिवार वालों को थी. लड़की ने बताया कि उनलोगों को बताया गया था कि अगर तुमलोगों ने शादी की तो दोनों को खोज कर मार देंगे. शुक्रवार को वह लक्ष्मी के घर पर 1.30 बजे कहलगांव पहुंची थी. दोनों ने मिल कर निर्णय लिया कि जब हमारी शादी को घरवाले स्वीकार नहीं करेंगे तो हमलोग शादी करके जहर खा लेंगे. दोपहर बाद तीन बजे शादी की और साढ़े तीन बजे दोनों ने जहर खा लिया. मृतक लक्ष्मीकांत दो भाइयों में बड़ा था. परिवार को उससे काफी उम्मीद थी. लक्ष्मी की मां पुत्र का शव देख कर बार बार बेहोश हो जा रही थी. जहर खाने के बाद लक्ष्मी ने वीडियो बना कर घर वाले मोबाइल पर भेजा, अंतिम बार लक्ष्मी ने मां से की बातचीत युवती ने बताया कि शादी के आधे घंटे बाद उनलोगों ने जहर खा लिया था. इसके बाद लक्ष्मी ने अपने घर पर एक वीडियो बना कर भेजा और जहर खा लेने की भी जानकारी दी. फिर लक्ष्मी ने फोन कर अपनी मां को पूरी जानकारी दी. मां उसे समझाने लगी. इसके बाद मां ने ही तीन पहाड़ के ग्रामीणों को सूचना दी. जिसके बाद पहले दोनों को कहलगांव अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच रेफर किया गया. घटना की सूचना मिलते ही लड़की के परिजन भी अस्पताल पहुंच गये थे.
bhagalpur news. शादी के आधे घंटे बाद जहर खाने वाले युवक ने तोड़ा दम, युवती का इलाज जारी
कहलगांव थाना क्षेत्र के शिवकुमारी पहाड़ मोहल्ले में प्रेम विवाह के बाद जहर खाने वाले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी.
